रामानुजनगर। जनपद सदस्य क्षेत्र क्रमांक 18 में पुन: जनपद सदस्य का चुनाव होगा। यहां के निर्वाचित जनपद सदस्य को न्यायालय द्वारा सजा सुनाने के बाद यह सीट खाली है। ऐसे में नियमानुसार छह महीने के अंदर चुनाव की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।


दरअसल जनपद सदस्य का यह सीट सबसे हाई प्रोफाइल था। यहां से पूर्व जनपद उपाध्यक्ष मो.शमशेर खां चुनाव लड़े थे। काफी संघर्षपूर्ण मुकाबले में युवा कृष्ण लाल साहू ने पूर्व जनपद उपाध्यक्ष को हराकर बड़ा उलटफेर किया था। चुनाव जीतने के बाद नव निर्वाचित जनपद सदस्य कृष्ण लाल साहू की कार से बड़े पैमाने पर गांजा पुलिस ने बरामद किया और कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया था। 20 फरवरी 2023 को न्यायालय ने मामले में आरोपियों को 10-10 साल की सजा व एक-एक लाख रुपये अर्थदंड से दंडित किया है। अब इस सीट के लिए जनपद सदस्य का चुनाव होना है। इस जनपद क्षेत्र में ग्राम पंचायत त्रिपुरेश्वरपुर, पंपानगर, केशवपुर व गोकुलपुर आते हैं।

Categorized in: