‘लीगल सेल’ से 5 जिलों के यात्रियों को जोड़कर विरोध प्रदर्शन करने की बड़ी तैयारी

अंबिकापुर। अंबिकापुर से दुर्ग के बीच चलने वाली ट्रेन की लगातार लेटलतीफी से यात्री परेशान हैं। अब इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए कानूनी पहल जरूरी हो गई है।

रेलवे प्रशासन अक्सर ट्रेनों में देरी की ठोस वजह बताने में विफल रहता है। जब रेलवे की लापरवाही स्पष्ट हो, तो प्रभावित यात्री उपभोक्ता फोरम के माध्यम से मुआवजे की मांग कर सकते हैं। सितंबर 2021 में सुप्रीम कोर्ट ने भी एक महत्वपूर्ण फैसले में ऐसी परिस्थितियों में रेल यात्री के मुआवजे के अधिकार को मान्यता दी थी। इसी को ध्यान में रखते हुए यात्रियों को आवश्यक मार्गदर्शन और नि:शुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए शीघ्र ही ‘लीगल सेल’ की सहायता ‘यात्री अधिकार अभियान’ के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। समाजसेवी शिवेश सिंह ने बताया कि अंबिकापुर, सूरजपुर, बैकुंठपुर, अनूपपुर और शहडोल के प्रभावित यात्री इस पहल से जुड़कर यात्रा के दौरान की शिकायतों का ब्यौरा उपलब्ध करा सकते हैं। इन्हें अपनी शिकायतों एवं यात्रा में हुई परेशानी का रिकॉर्ड सुरक्षित रखना होगा, तभी यह अभियान सार्थक हो सकेगा। शिवेश ने यात्रियों से अपील है कि, वे अपनी यात्रा टिकट, लेट होने का समय और हुई परेशानी का प्रमाण फोटो, वीडियो सुरक्षित रखें। रेलवे से व्यवस्था में सुधार और यात्रियों के अधिकारों की रक्षा के लिए अब सामूहिक एवं कानूनी पहल का समय आ गया है। जल्द ही इस मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन की आवश्यकता भी महसूस हो रही है।

Categorized in: