पूर्व में 46 लाख के जेवरात बरामद की है पुलिस, अन्य की तलाश जारी
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर में हुए सनसनीखेज एक करोड़ की उठाईगिरी मामले में साइबर सेल और थाना सीतापुर की संयुक्त टीम ने उड़ीसा के गंजाम जिले से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 10 हजार रुपये नगद भी जप्त किया गया है। इससे पहले पुलिस इस गिरोह के पास से 46 लाख के सोने-चांदी का जेवरात बरामद कर चुकी है।
बता दें कि अरुणदेव सोनी की हाईस्कूल सीतापुर के पास काशी विश्वनाथ ज्वेलर्स नाम से दुकान है। 26 जुलाई को सुबह करीब 11.30 बजे वह अपनी स्कूटी में जेवरात से भरा बैग लेकर दुकान खोलने गए थे। दुकान के पास स्कूटी में बैग रखकर वे शटर खोल रहे थे, तभी अज्ञात व्यक्ति बैग लेकर भाग गया, जिसमें सोने-चांदी का लगभग एक करोड़ रुपये का जेवरात था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा के मार्गदर्शन और एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी, नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल व एसडीओपी सीतापुर तुल सिंह पट्टावी के नेतृत्व में साइबर सेल और थाना सीतापुर की संयुक्त टीम गठित की गई थी।
तीन राज्यों तक पीछा, 500 सीसीटीवी खंगाले
विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के करीब 500 सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में दो मोटरसाइकिलों पर 4 संदिग्ध व्यापारी का बैग लेकर भागते दिखे। पुलिस इनके रूट को फॉलो की और सरगुजा के ग्राम गेरसा, जशपुर के कांसाबेल, कुनकुरी, सिंगीबहार, झारखंड के कुरडेग, खैरनटोली, सिमडेगा और उड़ीसा के सुंदरगढ़ तक पहुंचे। तकनीकी विश्लेषण और अन्य राज्यों की पुलिस से समन्वय के बाद दो आरोपियों की पहचान चंटी दास निवासी ग्राम सोर्डा जिला गंजाम उड़ीसा और दास नागेश्वर निवासी नारायणपुर थाना कोटिनाडा जिला गंजाम उड़ीसा के रूप में हुई थी। उड़ीसा पुलिस के सहयोग से लगातार 10 दिनों तक सर्च ऑपरेशन के बाद 16 अगस्त को पुलिस संदेही चंटी दास के घर तक पहुंची, यहां आरोपी तो नहीं मिला लेकिन ताला बंद घर की विधिवत तलाशी लेने पर 300.92 ग्राम सोने का आभूषण कीमत करीब 43 लाख रुपये और एक किलो 168 ग्राम चांदी के आभूषण कीमत करीब 3 लाख रुपये जप्त किया था।
गिरोह बनाकर उठाईगिरी करना स्वीकारा
लगातार छापेमारी के दौरान पुलिस ने जिला गंजाम से मामले में शामिल आरोपी दास नागेश्वर आत्मज दास नारायणी 45 वर्ष निवासी नारायणपुर पोड़िया, थाना आस्का जिला गंजाम उड़ीसा को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर संगठित गिरोह बनाकर उठाईगिरी करना स्वीकार किया। इस पर प्रकरण में धारा 111(2), 3(5) बीएनएस जोड़ी गई है।
पोर्टल में मिला पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
आईसीजेएस पोर्टल पर सर्च करने पर आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी मिला। उसके विरुद्ध वर्ष 2021 में थाना अस्का में आबकारी एक्ट, थाना चिन्डीपाडा में धारा 379 और 398/2021 धारा 392 भादवि के अपराध दर्ज हैं। पुलिस फरार अन्य आरोपियों के तलाश में है। पूरी कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी अजीत मिश्रा, भोजराज पासवान, विकास सिन्हा, मनीष सिंह, अनुज जायसवाल, अमन पुरी और थाना सीतापुर से डेविड मिंज, तीजराम पैंकरा, निर्मल तिग्गा सक्रिय रहे।
