सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम करके 2 मिनट मौन रखा
अंबिकापुर। भारतमाता चौक से एनएच-43 दरिमा मोड़ तक जर्जर सड़क को लेकर शनिवार को जागरूक सामाजिक कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। कार्यकर्ताओं ने सड़क पर धरना प्रदर्शन कर विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर जनता के सवालों का जवाब देने के लिए बाध्य कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने दो मिनट तक जाम सड़क पर मौन धारण किया और सरगुजा के सत्ता और विपक्ष के जनप्रतिनिधियों के प्रति भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर ईश्वर से उन्हें ‘जनता के सेवक हैं’ वाली शपथ याद दिलाने की प्रार्थना की। धरने का नेतृत्व सुरेश बुनकर, अंकुर सिन्हा, संजय ठाकुर, सुजान बिंद, प्रबुद्ध बुद्धिजीवी त्रिभुवन सिंह, आप पार्टी के राजेंद्र बहादुर और जागरूक महिला मंडली ने किया। मौके पर एसडीएम बन सिंह नेताम, कोतवाली थाना प्रभारी, यातायात प्रभारी और एनएच के अनुविभागीय अधिकारी पहुंचे। इन्होंने ज्ञापन लेकर जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। आचार्य दिग्विजय सिंह तोमर ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए जल्द सड़क सुधार की उम्मीद जताई।
