टमाटर की खेती के लिए जा रहे थे, तेज रफ्तार बना हादसे का कारण
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में देर रात मजदूरों से भरी तेज रफ्तार पिकअप बाक्साइट लोड ट्रक से टकरा गई। हादसे में 3 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 7 गंभीर रूप से घायल हैं। हादसा रात करीब 2 बजे राजपुर-कुसमी मार्ग पर सेवारी के पास हुआ।
जानकारी के मुताबिक सूरजपुर जिले के 10 मजदूर पिकअप में सवार होकर टमाटर की खेती के काम से शंकरगढ़ जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप की राजपुर-कुसमी मार्ग में बाक्साइट लोड ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी 10 मजदूर घायल हो गए। इनमें 3 की मौके पर मौत हो गई, जबकि 7 की हालत गंभीर है। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घटना राजपुर थाना क्षेत्र की है। घटना की सूचना मिलते ही राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अस्पताल में जांच के बाद तीन मजदूरों को मृत घोषित कर दिया गया। तीनों के सिर और सीने में गंभीर चोटें आई थीं। वहीं, सात अन्य घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। इस घटना के बाद प्रतिबंध के बावजूद मालवाहकों से ग्रामीणों और मजदूरों को ढोने का मामला सामने आया है। मालवाहकों में लोगों को लाने-जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है, इसके बावजूद मजदूरों को मालवाहकों में बैठाकर ले जाने का सिलसिला जारी है। इससे हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है। खेती-किसानी के काम के लिए मजदूरों को अक्सर मालवाहक वाहनों से ही ले जाया जाता है। करीब एक माह पहले भी बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में मजदूरों से भरी पिकअप पलट गई थी। हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई थी। सभी मजदूर रोपा लगाने के बाद वापस लौट रहे थे।
हादसे की वजह बनी रफ्तार
हादसे की वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है। हादसे के बाद सड़क पर जाम की स्थिति बन गई थी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे करवाकर यातायात बहाल कराया। राजपुर थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह ने बताया कि सभी मजदूर सूरजपुर जिले के ग्राम नरोला के रहने वाले हैं। हादसे की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई थी। मृतकों के परिजन सुबह राजपुर पहुंचे। अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती घायलों में कम से कम चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का इलाज जारी है।
मृतकों/घायलों में ये शामिल
मृतक मजदूरों में रान साय (34), उदय कुमार (25) और अमर साय (35) शामिल हंैं। वहीं, घायलों में देव कुमार (34), भानू (32), अमर साय (40), लक्ष्मण (30), अजय कुमार (40), राय सिंह (38) और प्रदीप (34) शामिल हैं। सभी को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
एनएच में स्कूटी सवार पिकअप से टकराए, तीन घायल
लखनपुर। अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे 130 पर लखनपुर चौपाटी के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप वाहन ने स्कूटी सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कूटी पर तीन युवक सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों के पैर में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को लखनपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को जिला अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया है। घायलों की पहचान मुकेश राजवाड़े निवासी पर्री, सुयश पैकरा निवासी बतौली और संजू राजवाड़े निवासी लहपटरा के रूप में हुई है। युवक नशे में थे या नहीं, इसकी अधिकारिक पुष्टि मेडिकल जांच के बाद ही होगी। सूचना पर लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात पिकअप की तलाश शुरू कर दी है। एनएच-130 पर लगातार हादसों को देखते हुए पुलिस ने नशे में वाहन नहीं चलाने की अपील की है।
बंगाली चौक के पास ट्रक ने महिला को कुचला, मौके पर मौत
शहर के लरंगसाय चौक में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पैदल जा रही एक महिला की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला पैदल सड़क पार कर रही थी, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने ट्रक को जब्त करके चालक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।
