बच्चे ने स्कूल में हेडमास्टर के द्वारा कान पकड़कर उठाने की दी जानकारी
बलरामपुर। बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पोखरा के मिडिल स्कूल में पदस्थ शिक्षक ने कक्षा चौथी में पढऩे वाले मासूम बच्चे का कान पकड़कर जमीन से ऊपर उठाया, जिससे कान से रक्तस्राव होने लगा। स्वजनों ने बच्चे से आपबीती सुनी और दर्द से कराहते कलेजे के टुकड़े को देख वे आक्रोशित हो गए।
मामला दर्शन पोखरा स्कूल का है, जहां बच्चा स्कूल में पढ़ाई कर रहा था, शिक्षिका पढ़ा रही थी। बच्चे का बालमन कहें, वह इस दौरान दीवार पर अपना नाम लिखने लगा। इसकी जानकारी शिक्षिका ने मिडिल स्कूल के हेड मास्टर लक्ष्मी प्रसाद गोस्वामी को दी, जिस पर वे ऐसा क्रोधित हुए कि पहले तो उसे काफी डांटा-फटकारा, इसके बाद भी मन नहीं भरा तो कान पकड़ कर जमीन से ऊपर उठाने लगे। कान के खिंचाव के साथ ही खून आने लगा। बच्चा स्कूल से छुट्टी मिलने के बाद शाम को घर पहुंचा और स्वजनों को कान में दर्द होने की जानकारी दी। स्वजनोंं ने बच्चे के कान को देखा तो उसके कान के पीछे घाव बन गया था और खून जमा था। स्वजन जब बच्चे से कान से चोट जानना चाहा तो उसने स्कूल के घटनाक्रम से अवगत कराया। स्वजन बच्चे की स्थिति देखकर गुरूवार की सुबह स्कूल पहुंचे और शिक्षकों व विभागीय अधिकारियों को घटना से अवगत कराया। इसके बाद विकासखंड शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार कर्मचारियों के साथ स्कूल पहुंचे और जांच प्रतिवेदन तैयार कर जिला शिक्षा अधिकारी को प्रेषित किया है। इनके द्वारा स्वजनों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया है। शिक्षा के मंदिर में बालमन के भावनाओं की परवाह किए बगैर जिस प्रकार का घटनाक्रम सामने आया है, इसे लेकर स्वजनों में आक्रोश है। उक्त हेडमास्टर पूर्व में भी विवादों से घिरे रहे हैं।
इनका कहना है
जिला शिक्षा अधिकारी किशुन लाल महिलांगे ने बच्चे के साथ हुई घटना के संदर्भ में चर्चा के दौरान कहा कि आगे की कार्रवाई के लिए रिपोर्ट तैयार कर जेडी आफिस भेज दिया गया है। मामले पर कार्रवाई जरूर होगी।

Categorized in: