बलरामपुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के राजपुर थाना अंतर्गत घोरघड़ी में नवविवाहिता की कथित रूप से जहर सेवन से मौत के मामले की स्वजनों व ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। स्वजनों ने चिकित्सक के द्वारा किए गए पोस्टमार्टम को भी सवालों के घेरे में लेकर असंतोष जाहिर किया है।


जानकारी के मुताबिक राजपुर थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत घोरघड़ी में बलरामपुर जिले के ग्राम भेलवाडीह निवासी लोचन बरगाह ने अपने पुत्री की शादी सामाजिक रीति-रिवाज से किया था। बीते आठ सितंबर को घोरगड़ी से किसी ने फोन करके लोचन के पड़ोसी को बताया कि उसकी पुत्री बबीता की मृत्यु हो गई है। बेटी के मौत की खबर मिलने पर आनन-फानन में स्वजन मौके पर पहुंचे तो पता चला कि मृत्यु जहरखुरानी से हुई है। मृतिका के ससुर परमेश्वर का कहना था कि बहू की मौत खेत में हुई है। खेत में वह बेहोशी की हालत में थी। सप्ताह भर पूर्व के मामले को लेकर जो तथ्य नवविवाहिता के ससुराल पक्ष के लोगों से सामने लाए गए हैं, उसे लेकर स्वजन संतुष्ट नहीं हैं। मृतिका के पिता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर मामले की जांच उच्च स्तर के अधिकारियों से कराने की मांग की है। मायके पक्ष का कहना है कि वे उस स्थान पर गए थे, जहां लड़की के बेहोश हालत में मिलने की बात कही जा रही है। खेत में लड़की के जहर खाने या उल्टी करने जैसा कोई साक्ष्य उन्हें नहीं मिला। मृतिका के मुंह से खून निकला था और गर्दन में सूजन था। घटनास्थल पर किसी प्रकार के जहरीले पदार्थ का रैपर, शीशी जैसा कोई सामान नहीं मिला था। ऐसे में उन्होंने मौत को लेकर संदेह जताया है और उच्च स्तर के अधिकारियों की टीम से जांच करा आरोपितों पर कार्रवाई की मांग की है।


पोस्टमार्टम से नहीं है संतुष्ट
स्वजन पोस्टमार्टम से संतुष्ट नहीं है। आरोप है कि पोस्टमार्टम के समय डॉक्टर की जगह स्टॉफ की मौजूदगी रही। डॉक्टर अपने गाड़ी पर ही बैठे रह गए। जब उन्होंने विवाहिता की संदेहास्पद मौत का हवाला देकर स्टॉफ के द्वारा मन-मुताबिक पोस्टमार्टम करने को लेकर आपत्ति जताई गई तो धमकाते हुए उन्हें वहां से भगा दिया गया।


एसपी ने कहा-
पुलिस अधीक्षक बलरामपुर मोहित गर्ग ने कहा कि इस मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी, जांच उपरांत जो भी तथ्य सामने आएंगे उस पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Categorized in: