पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने कहा-खिलाड़ियों के हित में मांगों पर होगी सकारात्मक पहल

अंबिकापुर। गांधी स्टेडियम स्थित बास्केटबॉल ग्राउंड में आयोजित जिला स्तरीय बास्केटबॉल लीग प्रतियोगिता 2026 के समापन समारोह के अवसर पर सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ द्वारा छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल को बास्केटबॉल ग्राउंड के विकास हेतु मांग पत्र सौंपा गया।

मांग पत्र में बास्केटबॉल ग्राउंड में डोम निर्माण, खिलाड़ियों के लिए आवासीय कक्ष (रूम) तथा उसके ऊपर दर्शक दीर्घा (गैलरी) के निर्माण की आवश्यकता प्रमुख रूप से रखी गई। संघ ने बताया कि प्रतिदिन सैकड़ों खिलाड़ी यहां नियमित अभ्यास करते हैं, और इसी ग्राउंड से कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सरगुजा एवं छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। वर्ष भर आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं एवं प्रशिक्षण शिविरों के सफल संचालन के लिए इन सुविधाओं का निर्माण अत्यंत आवश्यक है।

राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह, अभिभावकों एवं खिलाड़ियों ने भी मंत्री राजेश अग्रवाल से ग्राउंड के समग्र विकास हेतु आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का आग्रह किया। उन्होंने मांग पत्र प्राप्त करते हुए कहा कि यह सरगुजा जिले के लिए गर्व का विषय है कि इस ग्राउंड से तैयार हुए खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। जब प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चे यहां अभ्यास कर रहे हैं, तब उनके लिए बेहतर खेल अधोसंरचना उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने मांगों पर सकारात्मक पहल करने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि बास्केटबॉल ग्राउंड में डोम सहित आवश्यक खेल सुविधाओं के विकास के लिए शीघ्र पहल की जाएगी।

इस अवसर पर मंत्री ने राष्ट्रीय खिलाड़ियों से व्यक्तिगत रूप से चर्चा कर ग्राउंड की वर्तमान आवश्यकताओं एवं भविष्य की विकास योजनाओं की भी जानकारी ली। सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ ने मंत्री राजेश अग्रवाल का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि उनके सहयोग से गांधी स्टेडियम स्थित बास्केटबॉल ग्राउंड का विकास होगा और खिलाड़ियों को आधुनिक एवं बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

Categorized in: