आबकारी उड़नदस्ता टीम ने गश्त दौरान मुखबिर के सूचना पर की बड़ी कार्रवाई  

अंबिकापुर। 15 अगस्त, स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर आबकारी आयुक्त पी.एस. एल्मा के अवैध शराब पर सख्त कार्रवाई के आदेश के बाद संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा ने अंबिकापुर में महुआ शराब बनाने के कारखाने का भंडाफोड़ किया है। बुधवार 13 अगस्त को उड़नदस्ता टीम सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में शहर में गश्त कर रही थी। इस दौरान संकटमोचन मंदिर, पटपरिया पहुंचने पर मुखबिर ने सूचना दी कि, बाउंड्री वॉल के पास अर्जुन कुजुर नामक व्यक्ति अपने किराए के मकान में महुआ शराब की फैक्ट्री चला रहा है। वहां भारी मात्रा में शराब बनाने के लिए भठ्ठीयां चढ़ी हुई हैं। सूचना की विश्वसनीयता पर टीम ने तत्काल मकान में दबिश दी।

आबकारी टीम मकान के अंदर पहुंची तो हक्का-बक्का रह गई। एक कमरे में 8भठ्ठीयां चढ़ाकर शराब निर्माण का कार्य चल रहा था। दूसरे कमरे में 24 प्लास्टिक डिब्बों में महुआ लाहन भरकर रखा गया था। टीम ने मौके पर सभी भठ्ठीयो से शराब निकालकर माप किया, और कुल 70 लीटर महुआ शराब जब्त किया। वहीं 480 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद कर पंचनामा बनाकर मौके पर नष्ट कर दिया गया। शराब बनाने के उपकरण और बर्तन भी जब्त कर लिए गए। टीम ने आरोपी अर्जुन कुजुर को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसके विरूद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) (क) (च), 34(2), 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज करके, न्यायालय से रिमांड लेकर जेल दाखिल करने की कार्रवाई की गई है।

15 अगस्त के पूर्व बड़ी कार्रवाई

सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि 15 अगस्त के पूर्व संभागीय उड़नदस्ते की यह बड़ी कार्रवाई है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब निर्माताओं के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक टी.आर. केहरी, मुख्य आरक्षक अशोक सोनी, नगर सैनिक रणविजय सिंह, रोहित सोनी एवं आबकारी स्टाफ नीरज चैहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Categorized in: