अमिताभ बच्चन ने पूछा-कोरिया के महाराजा द्वारा भारत में किस पशु प्रजाति के अंतिम ज्ञात जीवित सदस्य को गोली मार दी गई थी

गिरजा ठाकुर

अंबिकापुर। कौन बनेगा करोड़पति के 14वें सीजन के एपिसोड में उत्तर प्रदेश के प्रतिभागी से अमिताभ बच्चन ने छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के महाराजा से जुड़ा सवाल पूछा। हॉट सीट पर बैठा व्यक्ति 50 लाख रुपये जीत चुका था। 75 लाख रुपये के अगले सवाल के लिए उसे क्विट करना पड़ा। सही जवाब देने पर हॉट सीट पर बैठे उत्तर प्रदेश के प्रतिभागी को 75 लाख रुपये मिलते।


टीवी चैनल में आने वाले कौन बनेगा करोड़पति के सुपरहिट शो को लोग अपने घरों में विशेषकर देखते हैं। इसी बीच अगर उनके क्षेत्र से संबंधित सवाल स्क्रीन पर आ जाए तो कुछ अलग ही अनुभूति होती है। ऐसा ही कुछ कौन बनेगा करोड़पति के 14वें सीजन के एपिसोड में हुआ। टीवी स्क्रीन पर शो के दौरान छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग अंतर्गत कोरिया जिले से जुड़ा सवाल स्क्रीन पर आया। कौन बनेगा करोड़पति के महानायक अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर उत्तरप्रदेश निवासी वेल्डिंग का काम करने वाला ऋषभ था। यह प्रतिभागी अमिताभ बच्चन के 14 सवालों का जवाब देकर 50 लाख रुपये जीत चुका था। 15वां सवाल था-माना जाता है कि 1947 में, कोरिया के महाराजा द्वारा भारत में किस पशु प्रजाति के अंतिम ज्ञात जीवित सदस्य को गोली मार दी गई थी। इसके 4 ऑप्शन में ए-नीलगिरि तहर, बी-एशियाई चीता, सी-सुमात्रा गैंडा, डी-गुलाबी सिर वाला बत्तख था। इसका सही जवाब देने पर उसे 75 लाख रुपये मिलते, लेकिन वह सवाल का उत्तर देने की जगह क्विट कर लिया। इसके बाद अमिताभ बच्चन ने दर्शकों को सवाल का सही जवाब ऑप्शन-बी एशियाई चीता बताया, जिसका कोरिया जिले के महाराजा रामानुज प्रताप सिंहदेव ने वर्ष 1947 में शिकार किया था। दरअसल बॉम्बे नेचुरल हिस्ट्री के दस्तावेज के अनुसार वर्ष 1947 में भारत के आखिरी चीते का सोनहत विकासखंड के रामगढ़ जंगल में शिकार करने का उल्लेख है। कहा जाता है कि कोरिया रियासत के महाराजा रामानुज प्रताप सिंहदेव ने गांव के लोगों व उनके जान-माल की रक्षा के लिए आदमखोर चीते का शिकार किया था। महाराजा ने चीतों का शिकार करने के बाद तीन मृत चीते के साथ फोटो खिंचवाई थी। इसे भारत में चीता देखने की अंतिम घटना मानी जाती है। कोरिया पैलेस में आज भी महाराजा चीतों के सिर व इनके साथ खिंचवाई फोटो लगे हुए हैं। बता दें कि भारत में वर्ष 1952 में चीता को विलुप्त घोषित किया गया है।

अंबिकापुर। गांधी स्टेडियम अंबिकापुर के शतरंज भवन में सरगुजा संभाग स्तरीय शालेय शतरंज प्रतियोगिता संपन्न हुई। यह प्रतियोगिता अंडर 14, 17 एवं 19 वर्ष के आयु वर्ग वर्ग में बालक, बालिकाओं के लिए अलग-अलग कुल 6 वर्गों में आयोजित की गई थी। प्रत्येक वर्ग से 5-5 खिलाडिय़ों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। कुल 30 खिलाडिय़ोंं में से 14 सरगुजा जिला से उत्कृष्ठ प्रदर्शन करते हुए चयनित हुए। ये खिलाड़ी 20 सितंबर से महासमुंद में होने वाले राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने जाएंंगे। सरगुजा जिले से अंडर 14 वर्ष बालिका वर्ग में अनिष्का गुप्ता कार्मेल स्कूल प्रथम, भाविका वर्मा विवेकानंद स्कूल तृतीय एवं हंसिका श्रीवास्तव मोंटफोर्ट स्कूल पंचम, अंडर 14 वर्ष बालक वर्ग में धैर्य जायसवाल कार्मेल स्कूल प्रथम, नैतिक अग्रवाल होलीक्रॉस कान्वेन्ट स्कूल द्वितीय, रोहन विश्वकर्मा होलीक्रॉस कान्वेन्ट स्कूल चतुर्थ एवं रोहन गुप्ता कार्मेल स्कूल पंचम, अंडर 17 वर्ष बालिका वर्ग में स्नेहा गुप्ता होलीक्रॉस स्कूल प्रथम, कीर्ति बैरागी सांई बाबा स्कूल सरगवां द्वितीय एवं प्रज्ञा दुबे मोंटफोर्ट स्कूल चतुर्थ, अंडर 17 वर्ष बालक वर्ग में यीज्ञाश गुप्ता कार्मेल स्कूल प्रथम, मयंक तिवारी संत हरकेवल विद्यापीठ द्वितीय, अंडर 19 वर्ष बालक वर्ग में आयुष तिवारी मोंटफोर्ट स्कूल द्वितीय एवं चंद्रकांत सारथी मोंट लिटेरा स्कूल चतुर्थ का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। उक्त प्रतियोगिता में लगभग 170 खिलाडिय़ों ने भाग लिया। प्रतियोगिता संयोजक शेषरतन जायसवाल शिक्षक माशा उदारी एवं अन्य सहयोगी शिक्षक, कर्मचारी सुजीत जायसवाल, राम पांडेय, निर्मला यादव, बालकृष्णा पांडेय, मीलेश श्रीवास्तव, शारदाकांत त्रिवेदी एवं हरीश श्रीवास्तव द्वारा संपन्न कराया गया। मो.आरिफ खान सहायक जिला क्रीड़ा अधिकारी द्वारा प्रतियोगिता का सतत निरीक्षण किया गया। शतरंज संघ की ओर से एसएसपी वर्मा, बी.मनियन, कमलेश तिवारी, गौतम केशरी एवं सनाउल्ला अंसारी खिलाडिय़ों का उत्साह वर्धन करते रहे। शतरंज संघ के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह राणा ने सभी चयनित खिलाडिय़ों को शतरंज संघ अंबिकापुर की ओर से बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।

Categorized in: