गिरजा ठाकुर


अंबिकापुर। राजमाता श्रीमती देवेंद्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध जिला अस्पताल में गंभीर मरीजों का तत्काल एक्स-रे करने के लिए 80 लाख रुपये की लागत से डायरेक्ट रेडियोग्राफी एक्स-रे सिस्टम को आइसीयू में लगाया गया है। मुंबई और रायपुर से आए इंजीनियरों ने गुरूवार को उक्त मशीन को इंस्टॉल कर दिया है। मेडिकल कॉलेज से अस्पताल से संबद्ध होने के बाद यहां सुविधाओं का विस्तार हुआ है। कोरोनाकाल में अस्पताल में भर्ती मरीजों की मिली निश्शुल्क सुविधाओं के कारण दूर-दराज के क्षेत्र के लोग यहां दी गई सुविधाओं से परिचित हुए। सीमावर्ती राज्यों से भी बीमार को लेकर लोग यहां आने लगे हैं। अस्पताल में जांच की नई मशीनी सुविधाओं के विस्तार से मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। यहां अब एडवांस एक्स-रे की सुविधा गंभीर मरीजों को मिलेगी।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ.लखन सिंह ने बताया प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव का ध्यान अस्पताल में सुविधाओं की बढ़ोत्तरी की ओर है। मेडिकल कॉलेज के अधिष्ठाता डॉ.रमनेश मूर्ति भी समय-समय पर अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों के अलावा मरीजों की जांच सुविधा के लिए बेहतर विकल्प को लेकर गंभीर रहते हैं जिससे जांच की सुविधाओं का निरंतर विस्तार हो रहा है। पूर्व में अस्पताल में जिस प्रकार की एक्स-रे की सुविधा थी, इससे हर कोई वाकिफ है। फिल्म को धोने और सुखाने की जद्दोजहद मरीजों को करनी पड़ती थी। इसके बाद डिजिटल एक्स-रे मशीन मंगाई गई। अस्पताल में अभी भी डिजिटल एक्स-रे मशीन की सुविधा मरीजों को मिल रही है। इन सबके बीच आइसीयू में भर्ती किए जाने वाले गंभीर मरीज चिकित्सकों व स्टॉफ के लिए चुनौती से कम नहीं रहते हैं। मरीज का एक्स-रे कराना हो तो काफी दिक्कतों से दो-चार होना पड़ता था। एडवांस डॉयरेक्ट एक्स-रे सिस्टम लगने के बाद इलाज में चिकित्सकों को काफी सुविधा होगी।
एजीएफए हेल्थ केयर जर्मनी की है मशीन
आइसीयू में एडवांस डायरेक्ट रेडियोग्राफी एक्स-रे सिस्टम स्थापित किया गया है। यह मशीन एजीएफए हेल्थ केयर जर्मनी की है। सीजीएमएससी के माध्यम से पहुंची इस मशीन को मुंबई के इंजीनियर शांतनु व रायपुर के इंजीनियर कन्हैया कुमार के द्वारा इंस्टॉल किया गया है।

Categorized in: