गिरजा ठाकुर


अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस नाबालिग बालिकाओं संबंधी अपराधों को गंभीरता से लेकर पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अजय कुमार पटेल के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे गुंज अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में निरंतर कार्रवाई में लगी है। इसी क्रम में धौरपुर पुलिस ने एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसला कर भगा ले जाने वाले आरोपित को 48 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेजा है। पुलिस ने नाबालिग का बयान दर्ज कराने के बाद उसे स्वजनों के सुपुर्द कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक पुलिस थाना धौरपुर में लड़की की मां रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग लड़की के पीछे गांव का मंगल कोरवा पड़ा था, जो बहला-फुसलाकर भगा ले गया और शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया है। रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस जांच में ली थी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला व एसडीओपी सीतापुर ध्रुवेश जायसवाल को आरोपित की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित करने के निर्देश दिए गए थे, जिस पर थाना प्रभारी धौरपुर भोज कुमार गुप्ता पुलिस टीम के साथ आरोपित के तलाश में लगे थे। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि धौरपुर निवासी आरोपित मंगल कोरवा घटना के बाद जंगल-झाड़ी में लुक-छिप कर रह रहा है। सूचना पर पुलिस ग्राम रघुपुर के जंगल की घेराबंदी कर उसे हिरासत में ली। पूछताछ करने पर उसने शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा है। कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक भोजकुमार गुप्ता, आरक्षक अरविंद सिंह, बालकेश्वर सिंह, सैनाथ लकड़ा शामिल रहे।

Categorized in: