दशहरा के दिन शहर के रिंग रोड चोपड़ापारा व नवागढ़ क्षेत्र में हुई चाकूबाजी की वारदात
अंबिकापुर। विजयादशमी, दशहरा के दिन शहर में दो चाकूबाजी की घटनाएं हुई, जिसमें एक युवती की दर्दनाक मौत हो गई, दूसरी घटना में महामाया मंदिर में नारियल फोड़ने वाला युवक जख्मी हुआ है। मेडिकल कॉलेज अस्पताल से इलाज के बाद उसकी छुट्टी कर दी गई है। वहीं युवती की हत्या के मामले में शामिल आरोपी को पुलिस ने न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। आरोपी जोगेन्द्र पैकरा उर्फ लादेन आदतन बदमाश प्रवृत्ति का है। विजयादशमी, दशहरा के मौके पर शहर में होने वाले विविध धार्मिक आयोजनों को लेकर पुलिस की मौजूदगी के बाद भी ऐसी आपराधिक घटनाओं का सामने आना कहीं न कहीं कानून व्यवस्था को सवालों के घेरे में ला दिया है।
बता दें कि गुरूवार, 2 अक्टूबर को दिन-दहाड़े पेट्रोल पम्प में काम करने वाली युवती विद्यावती टोप्पो उर्फ भारती 28 वर्ष को उसके कथित प्रेमी ने दौडा़-दौड़ाकर चाकू से गोद दिया। युवती बचाव के लिए दौड़ते-भागते अंतत: आरोपी के खौफनाक इरादे का शिकार हो गई, और उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक ने बताया कि युवती पर चाकू से 12 बार वार किया गया था। शरीर में जगह-जगह जख्म के निशान तो थे ही, पेट में धारदार चाकू से किए गए वार में गंभीर चोट आई थी। घटना की रिपोर्ट गांधीनगर थाने में गुरुदेव सिंह निवासी रॉयल पार्क कॉलोनी पटपरिया ने 2 अक्टूबर को दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया है कि चोपड़ापारा रिंग रोड में श्री कृपा फ्युल पेट्रोल पम्प के बगल में वे फ्रेंड चिकन कार्नर का संचालन करते हंै। 2 अक्टूबर को 11.30 बजे के करीब वे अपने दुकान में तंदुर को बाहर निकाल रहे थे, उसी समय एक युवक पेट्रोल पंप के काम करने वाली युवती को बुरी तरह से सिर, सीना, पीठ व हाथ में चाकू मार रहा था, वह लहूलुहान होकर बेहोश हो गई थी। जब उन्होंने युवती को बचाने का प्रयास किया तो वह युवती को छोड़कर गली में भागने लगा, इसके बाद आरोपी को पकड़ने के लिए उसका पीछा किया तो युवक अपने कमर के पास रखे एयर गन को निकालकर फायर किया। एयरगन को छीनने का प्रयास करने पर आरोपी गला दबाकर उसके साथ भी मारपीट करने लगा। आवाज सुनकर पेट्रोल पंप के स्टॉफ व अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किए। बाद में आरोपी युवक को अन्य लोगों की सहायता से पकड़कर थाना लाया गया। पुलिस ने आरोपी के द्वारा फायर में प्रयुक्त एयरगन व युवती की हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है। युवती को सीने, पेट और गले में चाकू से बहुत ज्यादा चोट आई थी, उसे रक्तरंजित और बेहोशी के हालत में हॉलीक्रास अस्पताल अंबिकापुर ले जाने पर चिकित्सक ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया था। मामले में थाना गांधीनगर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 103(1) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध किया है।
मौके से बाइक सहित अन्य सामान बरामद
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल ने दिनदहाड़े शहर में हुई चाकूबाजी और एयरगन से फायर की घटना को संज्ञान में लेकर पुलिस टीम को मामले की सूक्ष्म विवेचना करने के निर्देश दिए थे। पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पहुंचकर मौके का निरीक्षण की, और प्रार्थी एवं अन्य प्रत्यक्षदर्शी गवाहों का कथन लेकर घटनास्थल से घटना में प्रयुक्त चाकु, आरोपी का बैग, मोटरसायकल, पीड़िता का चप्पल, आरोपी का चश्मा, घटना के समय पहने हुए कपड़े और एयरगन जप्त किया है। मृतिका के शव का निरीक्षण करने पर पुलिस ने पाया कि आरोपी जोगेंद्र ने युवती के शरीर में चाकू से जानलेवा हमला किया था, जिससे उसकी जान चली गई। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन के सुपुर्द कर दिया है। घटना से पेट्रोल पम्प में काम करने वाले सहकर्मी आहत हैं।
बात नहीं करने से नाराज होना बता रहा आरोपी
आरोपी जोगेंद्र पैकरा उर्फ लादेन पिता हुईया पैकरा 28 वर्ष, बलरामपुर जिला के कुसमी थाना अंतर्गत ग्राम भुलसीकला का रहने वाला है, जो हाल में अंबिकापुर में श्याम लॉज बस स्टैंड के पास रहता था। आरोपी ने मृतिका से पूर्व में प्रेम संबंध होना और बाद में बात नहीं करने से नाराज होकर दुकान से चाकू खरीद कर युवती की हत्या करना स्वीकार किया है। आरोपी को गिरफ्तार करके पुलिस ने न्यायालय में पेश किया, आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन भी पुलिस ने जप्त किया है। विवेचना कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रदीप जायसवाल, उप निरीक्षक नवल दुबे, प्रधान आरक्षक मुकेश गुप्ता, आरक्षक घनश्याम देवांगन, अरविन्द उपाध्याय, ऋषभ सिंह, अतुल शर्मा, राहुल सिंह, रमन मण्डल, विकास सिंह सक्रिय रहे।
पटवारी कार्यालय के पास युवक पर चाकू से हमला
एक और घटना में मां महामाया मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं का नारियल छिल-फोड़कर देने वाले अमन सारथी पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना मंदिर परिसर के बाहर पटवारी कार्यालय के पास हुई। अमन का कहना है कि बिना किसी कारण के आरोपी अनिकेत यादव उस पर 2 बार रामपुरी चाकू से पीठ में हमला कर दिया, और भाग गया। चाकू के हमले में घायल युवक घटना के बाद भागते मंदिर परिसर के अंदर पहुंचा और गिर गया था। नवरात्रि और दशहरा के मौके पर होने वाली भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में पुलिस पहरा दे रही थी। इनकी नजर अचानक मंदिर के करीब गिरे युवक पर पड़ी और घायल युवक को मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा। यहां से इलाज के बाद युवक की छुट्टी कर दी गई है। घायल युवक को पीठ में दो जगह एक से डेढ़ इंच गहरा जख्म पहुंचा था, उसकी स्थिति फिलहाल सामान्य है।

पूर्व उपमुख्यमंत्री ने किया ट्विट-लॉ एंड आर्डर की स्थिति हुई बयां

पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने इंटरनेट मीडिया में ट्विट किया है कि अंबिकापुर शहर के अलग-अलग स्थानों पर जिस तरह चाकूबाजी एवं अन्य आपराधिक घटनाएं घटी, वह साफ इशारा करती है कि दशहरा जैसे खास मौके पर शहर की सुरक्षा व्यवस्था कैसी थी। हमेशा से हम देखते रहे हैं कि दशहरा पर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों सहित ऐसे स्थल जहां भीड़ की संभावना होती है, वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होते हैं। चोपड़ापारा काली मंदिर के पास दिनदहाड़े मर्डर और फिर महामाया मंदिर के पास चाकूबाजी की घटना ने जिले की लॉ एंड आर्डर की स्थिति को बयां कर दिया है।
ऐसी घटनाएं स्वस्थ्य समाज के लिए सही नहीं है। राज्य सरकार को कानून व्यवस्था बनाए रखने चाक-चौबंद व्यवस्था करनी चाहिए। केवल दशहरा ही नहीं किसी भी दिन आपराधिक घटनाएं न हो, इसकी जिम्मेदारी व जवाबदेही तय होनी चाहिए।

 

Categorized in: