कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कलेक्टर और एनएच के अधिकारी को लिखा पत्र 

अंबिकापुर। अंबिकापुर-बिलासपुर रोड पर हाल ही में शुरू हुए लहपटरा टोल प्लाजा की अव्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने इस संबंध में कलेक्टर सरगुजा और राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के कार्यपालन अभियंता को पत्र लिखकर सुधार की मांग की है।

पत्र में कहा गया है कि टोल प्लाजा का सिस्टम तकनीकी खामियों के कारण फास्टैग को आसानी से स्कैन नहीं कर पा रहा है। कई बार स्कैनर को स्कैन करने में आधे घंटे तक का समय लग रहा है। एनएच के नियमानुसार यदि वाहन के फास्टैग वॉलेट में पर्याप्त राशि है तो और स्कैनर काम नहीं कर रहा तो वाहन को 10 सेकंड से ज्यादा नहीं रोका जा सकता, लेकिन लहपटरा टोल पर इसका पालन नहीं हो रहा है। ऐसा लगता है कि लहपटरा का टोल प्लाजा का स्कैनर एनएच की नियम प्रक्रियाओं से मुक्त है। तकनीकी खामी से यहां वाहन चालकों को न केवल लंबा इंतजार करना पड़ रहा है, टोल कर्मचारियों के दुर्व्यवहार का भी सामना करना पड़ रहा है। लखनपुर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अमित सिंह, जिला कांग्रेस के महामंत्री मुनेश्वर राजवाड़े के साथ ही अन्य कई लोगों ने टोल प्लाजा की इस समस्या से परेशान लोगों की शिकायतों को कांग्रेस जिलाध्यक्ष तक पहुंचाया है। हाल ही में स्कैनर के इस झोल के कारण कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता भी इस टोल प्लाजा प्लाजा पर आधे घंटे फंसे रहे। उन्होंने नियमित तौर पर इस टोल से गुजरने वाले स्थानीय नागरिकों के लिए टोल से छूट या मासिक पास जारी करने का भी आग्रह किया है। अपनी ओर से सुझाव देते हुए उन्होंने कहा है कि लहपटरा टोल प्लाजा जब तक तकनीकी रूप से सुचारू रूप से कार्य नहीं करता तब तक इसे बंद किया जाना उचित होगा। साथ ही टोल कर्मियों के दुर्व्यवहार से आम नागरिकों को बचाने एवं नियमों के पालन के लिए टोल प्लाजा पर पुलिस बल तैनात किया जाना चाहिए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने यह कहा है कि एक सप्ताह के भीतर यदि स्थितियों को सुधारा नही गया तो कांग्रेस आन्दोलन को बाध्य होगी। 

Categorized in: