अंबिकापुर/प्रतापपुर। शेयर करेंसी में निवेश पर पैसा दोगुना करने का झांसा देकर 8 लाख 50 हजार की ठगी के मामले में चौकी रेवटी पुलिस ने तीसरे आरोपी को बिहार से गिरफ्तार किया है। पुलिस दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है।
मामला 27 फरवरी 2023 का है। ग्राम गोवर्धनपुर निवासी सुनील पाण्डेय ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि तीन लोग स्विफ्ट डिजायर कार से उसकी दुकान पर आए और शेयर करेंसी में पैसा डबल करने का लालच दिया। पहले उससे 10 हजार रुपये लिए और अगले दिन 20 हजार वापस कर दिए। इससे पीड़ित का भरोसा जीत लिया।
इसके बाद आरोपियों ने 10 लाख तक निवेश पर 2 से 4 दिन में रकम दोगुनी करने का लालच दिया। पीड़ित ने 8.50 लाख की व्यवस्था कर उन्हें दी। आरोपी 8.50 लाख लेकर उसे खाकी रंग का बंद पैकेट थमा गए, जिसमें 17 लाख होने और बाद में 3 लाख वापस ले जाने की बात कही। आरोपियों के जाने के बाद पैकेट खोलने पर अंदर नोटों के आकार के सादे कागज के बंडल मिले। जांच में पता चला कि वारदात में इस्तेमाल सिम फर्जी दस्तावेजों पर लिया गया था। मोबाइल दुकान संचालक अमरेश मिश्रा वाराणसी ने दस्तावेजों का दुरुपयोग कर सिम आरोपी राजेश सिंह वाराणसी को दिया था। दोनों को पुलिस ने पूर्व में गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त कार भी जब्त की थी। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी शाहजाद अंसारी (29) पिता स्व. युसुफ अंसारी निवासी शाही सराय, थाना कुदरा, जिला कैमूर, बिहार में है। चौकी रेवटी टीम ने बिहार में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया।
कार्रवाई एसपी सूरजपुर योगेश कुमार पटेल के निर्देश, एएसपी योगेश देवांगन और एसडीओपी अनूप एक्का के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी संतोष सिंह, प्रधान आरक्षक शिव राजवाड़े, आरक्षक मनरूप पैंकरा और अशोक राजवाड़े ने की।
