अंबिकापुर। सरगुजा पैलेस और पंडाल से चार महिलाओं के गले से सोने का चेन पार कर देने का मामला सामने आया है। घटना की रिपोर्ट कोतवाली थाना में दर्ज कराई गई है, जिस पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। चोरी गए सोने के चेन की कीमत 2 लाख 20 हजार रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक गंगापुर नाला के पास रहने वाली सविता देवी पति सहेन्द्र विश्वकर्मा 37 वर्ष, बौरीपारा निवासी चम्पा देवी पति रामजी राम सोनी और लुण्ड्रा निवासी शंाति देवी पति शंकर सोनी दशहरा के मौके पर खुलने वाले सरगुजा पैलेस के अंदर घूमने के लिए गए थे। इसी दौरान किसी मौकापरस्त ने इनके गले से सोने का जेवर पार कर दिया, इसकी भनक महिलाओं को भीड़भाड़ के बीच नहीं लग पाई। घटना 2 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे से 8.25 बजे के बीच की है। चोरी की इस घटना में सविता देवी के गले से पार सोने के जिवतिया की कीमत 70 हजार रुपये, चम्पा देवी के मंगलसूत्र की कीमत 70 हजार रुपये और शांति देवी के गले से पार किए गए सोने के चेन की कीमत 35 हजार है। रिपोर्ट पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है, और अग्रिम जांच, कार्रवाई कर रही है। संभावना महिलाओं के किसी गैंग के द्वारा भीड़भाड़ का फायदा उठाकर जेवरातों के चोरी की बनी है।
गले से चेन पार कर रही महिला सीसीटीव्ही में कैद
अग्रसेन चैक के पास स्थित मां दुर्गा के पंडाल में परिवार के सदस्यों के साथ दर्शन करने के लिए गई प्रभावती देवी विश्वास के गले से सोने का चेन एक महिला ने उस समय पार कर दिया, जब वह भंडारा प्रसाद ले रही थी। घटना 2 अक्टूबर को दोपहर करीब 2.45 बजे की है। गले से सोने का चेन गायब देखकर महिला ने इसकी जानकारी अपने पुत्र सहित साथ गए परिवार के अन्य सदस्यों और पंडाल में मौजूद लोगों को दी। सीसीटीव्ही फुटेज देखने पर एक महिला प्रभावती देवी के गले से सोने का चेन निकालते नजर आई, जो चेहरे को ढककर रखी थी। चोरी किए गए सोने के चेन की कीमत 35 हजार रुपये बताई जा रही है। सीसीटीव्ही से मिले फुटेज के आधार पर पुलिस अग्रिम जांच, कार्रवाई कर रही है।

Categorized in: