सरगुजा जिले में 4 सड़क हादसे में 4 की मौत, एक बच्ची का चल रहा उपचार
अंबिकापुर। सरगुजा जिले में 4 सड़क हादसे में 4 की मौत हो गई। बतौली थाना क्षेत्र में दशहरे की रात सुआरपारा के पास रात 12 बजे अज्ञात बोलेरो ने युवक को टक्कर मार दी। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दूसरी घटना में अंबिकापुर से सीतापुर जा रहे बाइक सवार पिता-पुत्री की बाइक सड़क किनारे खड़े 14 चक्का ट्रक के पीछे जा घुसे, जिसमें दोनों घायल हो गए। गंभीर चोट लगने से युवक की मौत शांतिपारा अस्पताल में हो गई। शुक्रवार की दोपहर करीब 3 बजे दरिमा मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत होने से एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। आक्रोशित लोगों ने दूसरे बाइक सवार की बेदम पिटाई कर दी।
जानकारी के मुताबिक डबल दास बतौली थाना क्षेत्र के सुआरपारा का रहने वाला था। वह ठेला लगाकर चाट-फुल्की बेचने का काम करता है। विजयादशमी के दिन गुरूवार को ठेला लेकर वह पत्नी मंगनी बाई व बेटा विवेक के साथ सेदम दुर्गा पंडाल के पास चाट-फुल्की बेचने गया था। वहां से रात को वापस घर लौट रहा था। रात करीब 12 बजे सुवारपारा कोलतापारा मेन रोड में तेज रफ्तार अज्ञात बोलेरो के चालक ने ठेला लेकर जा रहे डबल को टक्कर मार दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर मौत हो गई। इस घटना से पत्नी व पुत्र सदमे में हैं। पुलिस दुर्घटनाकारित वाहन के तलाश में लगी है। दूसरी घटना बतौली थाना क्षेत्र के चिरगा मोड़ के पास हुई। सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम मुरता निवासी प्रकाश सोनी गुरुवार की रात को बाइक से अपनी बेटी माही के साथ अंबिकापुर से सीतापुर जा रहे थे। रात करीब 1.30 बजे चिरगा मोड़ के पास पहले से सड़क केकिनारे खड़े 14 चक्का ट्रक के पीछे वे घुस गए। दुर्घटना में पिता-पुत्री घायल हो गए। सूचना पर पहुंची बतौली पुलिस दोनों को शांतिपारा अस्पताल भिजवाया, यहां जांच के दौरान चिकित्सक ने पिता को मृत घोषित कर दिया। बेटी का इलाज चल रहा है। तीसरी घटना बतौली थाना क्षेत्र बिलासपुर की है। पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम जुरगुम का 18 वर्षीय विनीत पैकरा पिता उमेश पैकरा गुरुवार को शांतिपारा बतौली में दशहरा देखने बाइक से आया था। शाम को घर वापस लौट रहा था। बिलासपुर मुख्य मार्ग पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक कार में फंस गई। सिर व शरीर के अन्य हिस्से में चोट लगने से उसकी मौके पर मौत हो गई।
युवक की मौत, भीड़ ने बाइक सवार को जमकर पीटा
एक अन्य घटना में बाइकों की टक्कर में युवक की मौत हो गई। मृतक धनीराम दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम कतकालो का रहने वाला था। वह शुक्रवार को बाइक से कहीं गया था। दरिमा मुख्य मार्ग पर उसकी बाइक एक अन्य बाइक से टकरा गई। आमने-सामने दोनों बाइकों की भिड़ंत में धनीराम को गंभीर चोट आई थी, जिस कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने दूसरे बाइक सवार युवक की बेदम पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची दरिमा पुलिस ने युवक को भीड़ से बाहर निकाला, इधर पुलिस के कब्जे से छुड़ाकर युवक की पिटाई का नजारा सामने आया, जिसे सुरक्षित करने पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी।

Categorized in: