जनचौपाल से लोगों को मिल रही त्वरित राहत

अंबिकापुर। मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए सरपंच, सचिव से दो महीने तक गुहार लगाने के बाद पैसे की मांग से परेशान वृद्धा के गम के आंसू उस समय खुशी के आंसू के तब्दील हो गए जब कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जनचौपाल में आधे घंटे में प्रमाण-पत्र उपलब्ध करवाया। वृद्धा तत्काल प्रमाण-पत्र मिलने पर शासन-प्रशासन को धन्यवाद दी। कलेक्टर ने वृद्धा को परेशान करने वाले सचिव को तत्काल निलबिंत करने व सरपंच को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जन चौपाल में इस तरह की कई समस्याओं का समाधान त्वरित होने से लोगों को राहत मिल रही है।
बतौली के शांतिपारा की वृद्ध महिला शकुंतला ने बताया उनके चाचा ससुर की मृत्यु वर्ष 1994 में हो गई है। उनके मृत्यु प्रमाण-पत्र के लिए बतौली सचिव के पास विगत दो माह पूर्व उसने आवेदन दिया था। प्रमाण-पत्र के लिए सचिव व सरपंच से बार-बार गुहार लगाने के बाद भी दोनों टाल-मटोल करते रहे और पैसे की मांग करने लगे। कलेक्टर कुन्दन कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बतौली के सचिव जसवंत पैकरा को निलंबित करने व सरपंच को कारण बताओ सूचना जारी करने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर निगम आयुक्त प्रतिष्ठा ममगई, अपर कलेक्टर अमृत लाल ध्रुव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


सीमा को मिला नल कनेक्शन कार्ड
अंबिकापुर के दर्रीपारा की सीमा सोनकर ने आवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि नल कनेक्शन के लिए नगर निगम में 2500 रुपये जमा करना पड़ेगा, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह राशि जमा नहीं कर पा रही है। कलेक्टर ने नगर निगम के अधिकारियों को तत्काल नल कनेक्शन हेतु कार्ड जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देश पर नगर निगम द्वारा पानी कार्ड बनाकर लाया गया, जिसे जनचौपाल में ही सीमा को दिया गया।


जनचौपाल में इन्हें मिली राहत
जन चौपाल में कल्याणपुर निवासी जगतपाल को मोटराइज ट्रायसिकल, ग्राम अड़ची के चंद्रिका प्रसाद को नि:शक्तजन निर्वाह प्रोत्साहन योजनांतर्गत 50 हजार रुपये का चेक दिया गया। लखनपुर के पिंटू पंडो को लखनपुर कॉलेज में प्रवेश मिला। साथ ही 5 हितग्राहियों को जनचौपाल में नया राशन कार्ड बनाकर दिया गया।

Categorized in: