गिरजा ठाकुर


अंबिकापुर। बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सावित्रीपुर की बीमार महिला को रुपये की खातिर निजी दवाखाना के संचालक ने बंधक बना लिया, सही चिकित्सा सुविधा समय पर नहीं मिलने पर महिला ने दवाखाना में ही दम तोड़ दी। इसकी सूचना मिलने पर बसंतपुर थाने की पुलिस ने आरोपित डॉक्टर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। महिला के पति ने पुलिस को बताया है कि वह पत्नी के स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर उसे इलाज के लिए अन्य अस्पताल में ले जाना चाहता था, लेकिन निजी दवाखाना के संचालक ने तीन हजार रुपये देने के बाद पत्नी को ले जाने की बात कही।


जानकारी के मुताबिक बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर विकासखंड अंतर्गत ग्राम सावित्रीपुर निवासी किस्मतिया की तबीयत खराब होने पर पति रामशरण अगरिया अपनी पत्नी को इलाज के लिए निजी दवाखाना का संचालन करने वाले डॉ.विक्रंात गुप्ता के पास ले गया था, यहां इलाज से संतुष्ट नहीं होने पर वह पत्नी को इलाज के लिए किसी अन्य अस्पताल में ले जाने कहा। महिला की स्थिति काफी खराब थी, बावजूद मामूली प्राथमिक इलाज किए निजी दवाखाना के डॉक्टर विक्रांत गुप्ता ने इलाज का तीन हजार रुपये देने के लिए दबाव बनाया। रामशरण के पास रुपये नहीं थे, लेकिन डॉक्टर का दिल नहीं पसीजा और वह रुपये मिलने के बाद ही उसकी पत्नी को बाहर ले जाने की जिद्द पर अड़ा रह गया। महिला का पति रुपये की व्यवस्था करने दवाखाना से निकल गया, कुछ देर बाद डॉक्टर ने रामशरण को फोन करके कहा कि तुम्हारी पत्नी की तबीयत ज्यादा खराब हो गई है। रामशरण वापस दवाखाना पहुंचा तो उसकी पत्नी की सांस थम चुकी थी। मृतिका के पति व स्वजन डॉक्टर पर लापरवाही व रुपये के लिए बीमार महिला को नहीं ले जाने देने का आरोप लगाते हुए इसकी शिकायत वाड्रफनगर चौकी पुलिस से किए थे, जिस पर मर्ग कायम कर पुलिस जांच कर रही थी। एसडीओपी अनिल कुमार विश्वकर्मा के नेतृत्व में मर्ग जांच में सामने आया कि मृतका को ग्राम शिवरी में निजी दवाखाना का संचालन करने वाले डॉ.विक्रांत गुप्ता के पास इलाज हेतु पति ले गया था। मौत के बाद मृतिका के स्वजनों को गुमराह करते हुए डॉ.विक्रांत उसे कार से वाड्रफनगर स्वास्थ्य केंद्र लेकर आया, जबकि महिला ने क्लीनिक में ही दम तोड़ दिया था। जांच में सामने आया कि महिला को तत्काल उचित इलाज की जरूरत थी,
लेकिन डॉक्टर ने रुपये के लिए उसे किसी अन्य अस्पताल में नहीं जाने दिया, इससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने जांच में सामने आए तथ्य के आधार पर धारा 304 व 201 के तहत अपराध दर्ज कर आरोपित डॉक्टर विक्रांत गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेज दिया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी बसंतपुर आर.पाटले, चौकी प्रभारी वाड्रफनगर विनोद पासवान, सउनि बालेश्वर महानंदी, प्रधान आरक्षक नरेश मिंज, प्रधान आरक्षक बृजमान सिंह व आरक्षक शिव पटेल सक्रिय रहे।

Categorized in: