मोटरसायकल में ढोकर ले गए थे चोरी का सामान, फरार चोरों के तलाश में लगी पुलिस
अंबिकापुर। शहर में चोरों के बुलंद हौसले के बीच थाना गांधीनगर पुलिस ने 14 घरों में चोरी करने वाले आरोपी को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सामानों को बरामद करने में पुलिस सफल हुई है। वहीं घटना में प्रयुक्त मोटरसायकल सहित दो लाख रुपये का सामान बरामद किया है। घटना को अंजाम देने में शामिल अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनके तलाश में पुलिस लगी है।
जानकारी के मुताबिक मैनपाट, कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र के नर्मदापुर निवासी कुनाल सिन्हा वर्तमान में अंबिकापुर के बनारस रोड सुभाषनगर में अंजली घोष के यहां किराए के मकान में निवास करते हैं। वे स्वयं और अन्य किराएदार दशहरा में अपने घर गए थे, इसी बीच 4 अक्टूबर को देर रात 14 कमरों में चोरी की घटनाएं हुई। अज्ञात व्यक्ति के द्वारा अलग-अलग कमरे से क्रमश: घड़ी, 2 पुराना मोबाइल फोन, ब्लूटूथ नैकबैंड, ब्लेजर, जुता, एलईडी टीवी, बुफर, 10 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन, लैपटाप और 500 रुपये नकद, लैपटाप और पंखा, सफेद ड्रेस 3 नग, 4500 रुपये नकद, गैस सिलिंडर, टी शर्ट, लोवर, 35 हजार रुपये नकद व एक फोन की चोरी की गई थी। 6 अक्टूबर को कुनाल सिन्हा के द्वारा की गई रिपोर्ट पर थाना गांधीनगर में धारा 331(4), 305(ए) का अपराध पंजीबद्ध किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल ने एक साथ 14 घरों में चोरी की घटना को संज्ञान में लेकर पुलिस टीम को आरोपियों की पतासाजी करके जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए थे। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद आसपास के सीसीटीव्ही फुटेज का अवलोकन किया और संदेही की पहचान होने पर अक्षय पटेल पिता पंचम पटेल 21 वर्ष, निवासी सिलसिला कुर्मीपारा, थाना लुण्ड्रा को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर मोटरसायकल से मौके पर पहुंचने और चोरी की घटना को अंजाम देने की जानकारी दी। घटना के बाद आरोपी सभी सामान को मोटरसायकल में रखकर ले गया था और 2 नग गैस सिलिंडर को झाड़ी में फेंक दिया था, जिसे आरोपी के निशानदेही पर घटनास्थल के पास झाड़ी से बरामद किया गया। अन्य सामानों में आरोपी के घर से पंखा, टीवी, स्मार्टवॉच, लैपटॉप एवं चार्जर, बुफर, डीटूएच, जूता, 2 नग मोबाइल, घरेलु कपड़ा, घटना में प्रयुक्त मोटरसायकल, मौके से टुटा हुआ ताला, घटना में प्रयुक्त छड़ बरामद किया। चोरी किए गए नकद रकम में से 22 सौ रुपये को खाने-पीने में खर्च करने की वह जानकारी दिया। आरोपी को गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश किया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रदीप जायसवाल, सहायक उप निरीक्षक विपिन तिवारी आरक्षक अतुल शर्मा, राहुल सिंह, रमन मण्डल सक्रिय रहे।

Categorized in: