प्रतियोगी परीक्षाओं का बार बार पेपर लीक कर केन्द्र की भाजपा सरकार देश के युवाओं के भविष्य के साथ कर रही खिलवाड़ : नीरज पाण्डेय

पेपर लीक मामले में तत्काल स्तीफा दें केन्द्र सरकार के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान

मनेंद्रगढ़ (एमसीबी) । केन्द्र की भाजपा सरकार प्रतियोगी परीक्षाओं का बार-बार पेपर लीक कर देश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है जिसके कारण कई छात्र हताश व निराश होकर मौत को गले लगा लिया। केन्द्र सरकार के शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान से शिक्षा विभाग नहीं संभल रहा है उन्हें तत्काल अपने पद से स्तीफा देना चाहिए। उक्त बातें एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष नीरज पाण्डेय ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी एमसीबी द्वारा जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में कही । एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष नीरज पाण्डेय ने केन्द्र सरकार पर आरोप लगाया कि केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी छात्रों के भविष्य की सुरक्षा करने में पूरी तरह विफल रहे हैं। उन्होंने कहा कि 3 मई को आयोजित नीट परीक्षा में 22 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए थे। बड़े पैमाने पर प्रश्नपत्र लीक होने के आरोप सामने आए। छात्रों और कांग्रेस के विरोध के बाद सरकार को पुनः परीक्षा कराने का निर्णय लेना पड़ा। बार-बार होने वाले पेपर लीक से छात्रों में गहरा मानसिक तनाव पैदा हुआ है। देश के विभिन्न राज्यों में करीब 20 छात्रों ने अपनी जान गंवाई है जो केन्द्र सरकार की नीतिगत विफलता का परिणाम है। श्री पाण्डेय ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफे की मांग की। उन्होंने ने बताया कि शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार, निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली तथा सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से देशभर में ‘छात्रों की गूंज’ अभियान चलाया जा रहा है।
प्रेसवार्ता कार्यक्रम प्रभारी एवं जिला कांग्रेस महामंत्री पूनम सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य की सुरक्षा करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। शिक्षा व्यवस्था में लगातार अव्यवस्था बढ़ रही है, लेकिन सरकार जवाबदेही तय करने के बजाय अपनी विफलताओं पर पर्दा डालने में लगी हुई है। कांग्रेस शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली लागू करने की मांग करती है।
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल ने कहा कि हर पेपर लीक लाखों परिवारों के सपनों को तोड़ देता है। भाजपा सरकार को युवाओं से माफी मांगनी चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि भविष्य में किसी भी परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल न उठे।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ ग्रामीण अध्यक्ष रामनरेश पटेल ने कहा कि गरीब, किसान और ग्रामीण परिवारों के बच्चे कठिन परिस्थितियों में पढ़ाई कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन भाजपा सरकार की लापरवाही के कारण उनकी वर्षों की मेहनत एक झटके में बर्बाद हो जाती है। यह युवाओं के साथ अन्याय है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेंद्रगढ़ शहर अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार का पूरा ध्यान युवाओं को रोजगार और सुरक्षित भविष्य देने के बजाय अपनी राजनीतिक छवि बचाने में लगा है। बार-बार होने वाले पेपर लीक यह साबित करते हैं कि सरकार परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित रखने में असफल रही है। कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तत्काल इस्तीफा दें, पेपर लीक के सभी दोषियों और उनके संरक्षणकर्ताओं पर सख्त कार्रवाई हो तथा देश की शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार कर ऐसी पारदर्शी और जवाबदेह परीक्षा प्रणाली लागू की जाए जिससे युवाओं का विश्वास दोबारा कायम हो सके।

Categorized in: