बीच सड़क में मवेशी की धमाचौकड़ी वाहन चालकों पर पड़ रही भारी
अंबिकापुर। शहर के रिंग रोड व अंदरूनी मार्गों में मवेशियों की धमाचौकड़ी कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। निगम की ओर से मवेशियों को सड़क पर लावारिस हालत में छोड़ने की स्थिति में किसी प्रकार की ठोस कार्ययोजना नहीं बनाई गई है, जिस कारण सड़कों में अचानक बिदकने वाले गाय-बैल वाहन चालकों के लिए मुसीबत का सबब बन रहे हैं। मवेशी पालकों को घायल होने वाले आम लोगों के साथ ही स्वयं के मवेशियों की तनिक भी फिक्र नहीं है। सड़क पर मवेशी के अचानक दौड़ लगाने से बीते दिवस अलसुबह एक ट्रेलर का चालक सामने से आ रहे एक अन्य चारपहिया वाहन को बचाते अनियंत्रित हो गया, जिसमें ट्रेलर में लोड एक करोड़ रुपये से अधिक का कीमती मशीनरी सड़क पर गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के मुताबिक ट्रेलर क्रमांक यूपी 63 एटी 9666 का चालक सिकंदराबाद, नोएडा से जिंदल स्टील पावर प्लांट में स्थापना के लिए लगभग ढाई-तीन करोड़ रुपये का ओके टेस्टेड मशीनरी लेकर ओड़ीसा जाने के लिए निकला था। बुधवार को अलसुबह लगभग 3.30 बजे अंबिकापुर सीमा में प्रवेश करने के बाद ट्रेलर लेकर चालक बनारस रोड से होते अम्बेडकर चौक की ओर जा रहा था, इसी दौरान डाइट के पहले अचानक मवेशी कूदते-फांदते ट्रेलर के सामने आ गए। सामने से छोटी चारपहिया वाहन भी आ रही थी। इसे देखते हुए ट्रेलर का चालक मवेशी और सामने से आ रही वाहन को बचाने का प्रयास करते कई टन मशीनरी लोड ट्रेलर की गति को कंट्रोल करने का प्रयास किया। इस दौरान लगे झटके से ट्रेलर के लंबे ट्राला में मजबूती के साथ पट्टा और मोटा रस्सा टूट गया, जिससे बंधे कई मशीनरी सड़क में गिरकर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। इसकी जानकारी वह कंपनी के जिम्मेदारों को दिया। गुरूवार को हाइड्रा से मशीनरी को उठवाकर पुन: वापस नोएडा लेकर ट्रेलर का चालक रवाना हुआ।

Categorized in: