आरोपी के कब्जे से लूटे गए सोने के चैन का रुद्राक्ष माला बरामद
अंबिकापुर। जमीन कारोबारी को नकली सोने का सिक्का दिखाकर डकैती करने के मामले में उदयपुर थाना पुलिस ने फरार आरोपी को कोरबा जिला के पसान थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के द्वारा पुराने सोने के सिक्के को एक साथ सस्ते दर में बेचने की बात कहकर डकैती की घटना को अंजाम दिया है। आरोपी के कब्जे से सोने के चैन का रुद्राक्ष माला, कीमत लगभग 02 लाख रुपये बरामद किया गया है। मामले में पूर्व में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अन्य फरार आरोपियों के तलाश में पुलिस लगी है।
जानकारी के मुताबिक नवल किशोर जायसवाल निवासी वार्ड क्रमांक 01, मुंगेली छत्तीसगढ़ ने थाना उदयपुर में 10 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कराया था कि घटना दिनांक को शाम करीब 06 बजे वह अपने अन्य साथियों के साथ ग्राम डांडगांव, उदयपुर में खरीद-बिक्री करने के लिए जमीन देखने आया था। डांडगांव बाजार के पास जमीन मालिक के साथ वह जमीन देख रहा था, इसी दौरान पीछे से दो अज्ञात लोग मोटरसाइकिल से आए और मौके पर पहले से मौजूद एक महिला सहित तीनों चाकू दिखाकर तीन लाख 6 हजार 500 रुपये, एक सोने के चेन का रुद्राक्ष माला, मोबाइल, आधार कार्ड, पैन कार्ड लूटकर भाग गए। रिपोर्ट पर थाना उदयपुर में धारा 309, 318, 310 (2) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस ने विवेचना में लिया था। जांच के दौरान पुलिस टीम ने पूर्व में मामले में शामिल पन्ना कुर्रे, गौरी सोनी, विजय जायसवाल, तेरसा राम प्रजापति, विश्वप्रसाद, विजय कुमार आदिले को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा था और अन्य फरार आरोपियों के तलाश में लगी थी। पुलिस टीम ने सतत आरोपियों पर निगरानी रखते हुए डकैती में शामिल श्याम रतन सोनी उ$र्फ दादी 49 वर्ष निवासी सिरमिना चौकी कोरबी थाना पसान जिला कोरबा को घेराबंदी करके पकड़ा और पूछताछ की तो वह बताया कि पूर्व में जमीन कारोबारी से उसका संपर्क हुआ था। जमीन कारोबारी को सोने जैसा दिखने वाला सिक्का दिखाकर सस्ते दर पर काफी मात्रा में बेचने की बात कहकर वह झांसे में लिया और डांडगांव में बुलाकर सोने का नकली सिक्का दिखाने और उसे झांसे में लेकर चाकू की नोक पर रुपये, सोने के चैन का रुद्राक्ष माला सहित अन्य सामान की डकैती करना स्वीकार किया। डकैती में प्राप्त रकम को उसने आपस में बांट लेने की जानकारी दी। पुलिस टीम ने मामले में पूर्व में गिरफ्तार 06 आरोपियों के कब्जे से एक लाख 95 हजार 500 रुपये नगद एवं घटना में प्रयुक्त 04 मोटरसाइकिल बरामद किया है। पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से घटना के दौरान लूटे गए सोने के चैन का रुद्राक्ष माला बरामद किया है। आरोपी को गिरफ्तार करके न्यायिक अभिरक्षा में पुलिस ने भेजा है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों के तलाश में पुलिस टीम लगी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी उदयपुर निरीक्षक कुमारी चंद्राकर, सहायक उप निरीक्षक सहदेव बर्मन, प्रधान आरक्षक देवनारायण सिंह, आरक्षक विवेक सिंह, नन्दलाल शामिल रहे।

Categorized in: