युवा आयोग के अध्यक्ष व जिला पंचायत सदस्य ने किया विभिन्न ग्रामों का दौरा
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर व जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 02 की नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्य पायल सिंह तोमर विभिन्न ग्रामों का दौरा करके वहां की समस्याओं से अवगत हुए। अंबिकापुर जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 02 के ग्राम फतेहपुर, सपना, सुखरी, रनपुर, बांकीपुर, बकिरमा ग्राम में निर्वाचन उपरांत जिला पंचायत सदस्य वे क्षेत्र भ्रमण पर पहुंचे थे। ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं बताई और कई मांगे रखी। इस दौरान गर्मी में पेयजल की समस्या सामने आई है। इन समस्याओं के त्वरित निराकरण का भरोसा उन्होंने दिलाया। ग्रामीणों के अभूतपूर्व स्वागत एवं चुनाव में समर्थन के लिए उन्होंने आभार व्यक्त किया और कहा कि उनके अपार स्नेह के प्रति हम कृतज्ञ हैं।
राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने अपने संबोधन में कहा कि समस्या का निराकरण उनकी प्राथमिकता होगी। पेयजल की समस्या को दूर करने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने जल जीवन मिशन योजना लागू की है। एक-एक कर हर गांव में शुद्ध पेयजल पहुंचने लगा है। आपके गांव में भी यह योजना चल रही है। इसका क्रियान्वयन बेहतर तरीके से हो इसका प्रयास हम कर रहे हैं। आपके द्वार तक शुद्ध पेयजल पहुंचना सरकार की प्राथमिकता है। ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों का निर्माण भी आने वाले दिनों में समग्र तरीके से होगा। जिला पंचायत सदस्य पायल सिंह तोमर ने कहा कि आप सभी के आशीर्वाद से मुझे जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित होने का गौरव प्राप्त हुआ है। आप लोगों की समस्याओं को दूर करना अब मेरी जिम्मेदारी है। गांव की छोटी-छोटी समस्याएं हर हाल में दूर होनी चाहिए। आप लोग निरंतर साथ देते रहें। आपके विश्वास पर हम खरा उतरने का प्रयास करेंगे। अंबिकापुर ग्रामीण मंडल अध्यक्ष विवेक सिंह सेंगर, महिला मोर्चा की जिला महामंत्री सोनू तिग्गा ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन भाजयुमो अंबिकापुर ग्रामीण के मंडल अध्यक्ष दिगंबर यादव ने किया। इस मौके पर सुधाकर मिश्रा, अंजनी दुबे, महामंत्री संजय राजवाड़े, डोमन राजवाड़े, सागर विश्वकर्मा, आगर साय राजवाड़े, राजू सिंह, आदित्य सिंह, विनय ठाकुर, मुकेश गुप्ता, रायत राम पावले, मटुक दास महंत, टीकम यादव, मैनेजर सिंह, धीरन सिंह के साथ सरपंच, उप सरपंच तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Categorized in: