संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने 42 नग नशीले इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार विक्रेता को जेल भेजा

अंबिकापुर। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा की नशे के सौदागरों के विरूद्ध ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में 27 जून को सूरजपुर जिले में थाना जयनगर क्षेत्र में गश्त के दौरान करवां मुख्य मार्ग पर एक व्यक्ति को नशीला इंजेक्शन बेचते पकड़ा। आरोपित को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, गश्त के दौरान उड़नदस्ता टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि महुआरी अरसोता जंगल में प्रदीप राजवाड़े नामक व्यक्ति इंजेक्शन बेच रहा है। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने महुआरी अरसोता जंगल में घेराबंदी करके संदिग्ध व्यक्ति को देखते ही शासकीय वाहन को रोका। वाहन रुकते ही संदिग्ध व्यक्ति भागने लगा, जिसे दौड़ाकर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम प्रदीप राजवाड़े निवासी कमलपुर, थाना विश्रामपुर जिला सूरजपुर का होना बताया। प्रदीप राजवाड़े के पास कपड़े के थैले में 21 नग रेक्सोजेसिक इंजेक्शन और 21 नग एविल इंजेक्शन मिला। टीम ने इसे बरामद करके आरोपित की मोटरसायकल को जप्त किया है, और एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करके आरोपित को जेल भेज दिया है।

सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि सरगुजा जिले के आसपास के सभी जिलों के नशे के सौदागरों पर हमारी नजर है। सूरजपुर जिले में यह हमारी पांचवी कार्रवाई है। सरगुजा के बाद सूरजपुर जिला ही नशे के सौदागरों का मुख्य अड्डा है, नशे के सौदागरों, तस्करों के विरूद्ध आगे भी कार्रवाई चलती रहेगी। कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी के साथ सहायक उप निरीक्षक रमेश दुबे, नगर सैनिक गणेश पांडेय, ओम प्रकाश गुप्ता, रोहित सोनवानी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।।

 

Categorized in: