अंबिकापुर। हत्या का प्रयास के मामले में दरिमा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का बसूला जप्त किया है।
दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम करम्हा निवासी सावन मोहनी पिता सुखन मोहनी 65 वर्ष ने रिपोर्ट दर्ज कराया था कि उसके लड़का रामलाल का विवाह सामाजिक रीति-रिवाज से ग्राम बिसरपानी की पवन कुमारी के साथ करीब 20 वर्ष पूर्व हुआ है। दोनों के दाम्पत्य जीवन से 2 लड़का एवं 3 लड़की हैं। 13 मार्च को शाम करीब 04 बजे रामलाल शराब पीकर उसकी बहु पवन कुमारी के दोनों हाथ को रस्सी से बांध दिया और बसुला से उसके बाएं पैर एवं सिर में प्राणघातक वार करने लगा, जिसमें उसे गंभीर चोट आई है। इस दौरान रिश्तेदार सुखनंदन बीच-बचाव करके पवन कुमारी को अपने घर ले गया और बिसरपानी में रहने वाले उसके मायके वालों को घटना से अवगत कराया। डॉयल 112 से महिला को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया है कि आरोपी रामलाल पीड़िता पवन कुमारी के अस्पताल से आने के बाद दोबारा जान से मारकर फेंक देने की धमकी दे रहा था। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध धारा 109 (1) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध करके विवेचना में लिया और आरोपी रामलाल मोहनी पिता सावन मोहनी 40 वर्ष निवासी ग्राम करम्हा तुर्रापारा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी दरिमा निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, सहायक उप निरीक्षक बैजनाथ लकड़ा, आरक्षक जगेश्वर बघेल, जितेंद्र लकड़ा, राज जायसवाल सक्रिय रहे।

Categorized in: