लखनपुर से शशिकला, लुण्ड्रा से कृष्णा पावले, बतौली से अनीता व सीतापुर से स्नेहलता बनीं अध्यक्ष
उपाध्यक्ष में लुण्ड्रा से कंचन, बतौली से मंजू, लखनपुर से कामेश्वर व सीतापुर से अनिल चुने गए निर्विरोध
अंबिकापुर। त्रिस्तरीय पंचायत आम चुनाव के तहत जनपद पंचायत लखनपुर, बतौली, लुण्ड्रा और सीतापुर में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के निर्वाचन हेतु आज जनपद मुख्यालय में प्रथम सम्मेलन आयोजित किया गया। इस दौरान लखनपुर व सीतापुर में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का निर्विरोध निर्वाचन हुआ। लुण्ड्रा और बतौली में अध्यक्ष पद के दो दावेदारों के बीच मुकाबला हुआ, वहीं उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचन की स्थिति बनी।
जनपद पंचायत लुण्ड्रा में पीठासीन एवं सह पीठासीन अधिकारी ने निर्वाचन में शामिल सभी जनपद सदस्यों की सहमति से चुनाव प्रक्रिया की प्रात: 11 बजे से प्रारंभ की, जिसमें अध्यक्ष पद के लिए 02 अभ्यर्थी ने अपनी दावेदारी पेश की। श्रीमती कुसुम के पक्ष में 6 मत वहीं कृष्णा पावले के पक्ष में 11 मत पड़े, और कृष्णा अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित हुए। जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती कंचन जायसवाल निर्विरोध चुनी गई। जनपद पंचायत बतौली से अध्यक्ष पद के लिए 02 अभ्यर्थियों ने दावेदारी पेश की, जिसमें श्रीमती लीलावती सिंह को 04 मत एवं श्रीमती अनिता तिर्की को 11 मत मिले और अनिता अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित हुई। वहीं उपाध्यक्ष श्रीमती मंजू गुप्ता निर्विरोध चुनी गई। जनपद पंचायत लखनपुर से अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का निर्वाचन तय समयानुसार हुआ, जिसमें सर्वसम्मति से अध्यक्ष पद पर श्रीमती शशिकला व उपाध्यक्ष पद पर कामेश्वर राजवाड़े निर्विरोध निर्वाचित हुए। जनपद पंचायत सीतापुर से अध्यक्ष पद पर श्रीमती स्नेहलता टोप्पो एवं उपाध्यक्ष पद पर अनिल अग्रवाल निर्विरोध चुने गए।
लखनपुर जनपद में भाजपा का कब्जा, खूब हुई आतिशबाजी
लखनपुर जनपद पंचायत कार्यालय के सभाकक्ष में भाजपा से पर्यवेक्षक ललन प्रताप सिंह की उपस्थिति में जनपद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव हुआ। अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल, लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज सहित पार्टी पदाधिकारी की मंशा अनुरूप क्षेत्र के 18 जनपद सदस्यों के सहमति से जनपद अध्यक्ष श्रीमती शशि कला सिंह और जनपद उपाध्यक्ष कामेश्वर राजवाड़े चुने गए। जिसे लेकर पार्टी कार्यकताओं में हर्ष व्याप्त है। आतिशबाजी, ढोल-नगाड़े के साथ फूल माला पहनाकर इन्हें बधाई और शुभकामनाएं देने लोग उमड़े। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश बारी, रवि महंत, लुण्ड्रा विधायक प्रतिनिधि राकेश साहू, भाजपा नेता दिनेश साहू, प्रेमानंद तिग्गा सहित निर्वाचित जनपद सदस्य व बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता मौजूद रहे। नव निर्वाचित जनपद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष लखनपुर स्थित विधायक निवास में पहुंचे, यहां जिला पंचायत सदस्य विजय अग्रवाल, विधायक प्रतिनिधि राहुल अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, रवि अग्रवाल, सौरभ अग्रवाल, शमीम खान, हासिम खान ने इन्हें शुभकामनाएं दी।

Categorized in: