अंबिकापुर। शहर से एक बार फिर मानवता व ममता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। नवजात बच्चे का शव दफन करने की जगह खुले में झोले में डालकर फेंक दिया गया। शहर के जोड़ा तालाब के पास कबाड़ बिनने पहुंचे व्यक्ति ने झोले में नवजात का शव देखा और शोर मचाया। सूचना पर डॉयल 112 व कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। नवजात के शव को चीटियां खा रही थीं। इसके बाद पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया। नवजात बच्चे का अंतिम संस्कार करने के बजाए उन्हें झाडिय़ोंं में प्लास्टिक या झोले में बांधकर या कहीं भी नाली व तालाब में फेंक देना मानवता को शर्मशार करने वाला कृत्य है। अंबिकापुर के शीतला वार्ड स्थित जोड़ा तालाब के पास की इस घटना को लेकर लोगों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। मंगलवार की सुबह जोड़ा तालाब के पास कबाड़ बीनते हुए एक व्यक्ति पहुंचा। उसकी नजर वहां फेंके गए नए झोले पर पड़ी, तो वह उसे उठाने पहुंच गया। झोले को जैसे ही वह उठाना चाहा, भीतर नवजात का शव देख उसके होश उड़ गए। उसने शोर मचाया तो आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और डायल-112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को बरामद किया।

चल रही है जांच-सीएसपी
सीएसपी स्मृतिक राजनाला ने कहा कि पुलिस नवजात के माता-पिता की तलाश में जुट गई है। यह पता करने की कोशिश की जा रही है कि किसने झोले में नवजात का शव रखा है।

पहले भी मिला था नवजात का शव
मानवता को शर्मशार करने वाली इस प्रकार की घटना माह भर पहले भी सामने आ चुकी है। बीही बाड़ी के पास एक शासकीय क्वार्टर के पास नवजात बालक का शव मिला था। शव को कुत्तों ने नोंच खाया था। इस मामले में भी नवजात के माता-पिता का पता नहीं चल पाया है। गौरतलब है कि शहर के अस्पतालों के आस-पास आए दिन नवजात बच्चों का शव मिलने की खबरें सामने आती हैं।

Categorized in: