अंबिकापुर। सरगुजा जिले के मैनपाट में बीती रात दो बाइकों की भिड़ंत में तीन युवकों की मौत हो गईं। दोनों बाइक तेज रफ्तार में थी। हादसे के बाद बाइक सवार उछलकर सड़क पर गिर गये, ओर दो युवकों की मौके पर मौत हो गई, एक की अंबिकापुर अस्पताल पहुंचते तक मौत हो गई। घटना कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र का है। एक अन्य हादसे में नेशनल हाईवे 43 में ट्रक की टक्कर से महिला की मौत हो गई और उसका पति घायल हो गया।

जानकारी के मुताबिक, मैनपाट के नर्मदापुर-बिजलहवा मुख्य मार्ग में शुक्रवार रात करीब 8 बजे तेज रफ्तार दो बाइकों में सीधी टक्कर हो गई। हादसे में लुंड्रा निवासी अर्जुन विश्वकर्मा 23 वर्ष और गुड्डू राम माझी 22 वर्ष निवासी कोट, सीतापुर की मौके पर ही मौत हो गई। बाइकों की टक्कर के बाद तीनों सड़क पर गिर गये इन्होंने हेलमेट नहीं पहना था, जिस कारण सिर में इन्हें गंभीर चोट आई थी। घटना की सूचना मिलने पर कमलेश्वरपुर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से हादसे में घायल युवक विफन कुमार माझी पिता पुतल साय मांझी 21 वर्ष को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमलेश्वरपुर भेजा गया। यहां से उसे गंभीर अवस्था में अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना देर रात 10 घायल विफन के स्वजन को मिली और वे क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचे। घायल की स्थिति गंभीर देखकर चिकित्सक ने प्राथमिक चिकित्सा के बाद उसे रेफर कर दिया था। मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में देर रात करीब 12 बजे चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से गांव में शोक का माहौल है।

दोनों युवक मैनपाट घूमने के लिये निकले थे

विफल कुमार माझी और गुड्डू माझी बाइक में मैनपाट घूमने घर से निकले थे। देर शाम वापस घर लौट रहे थे, इस दौरान दूसरे बाइक सवार से हुई जोरदार टक्कर में तीनों को गंभीर चोटें आई थी, और गुड्डू माझी व दूसरे बाइक में सवार अजुर्न विश्वकर्मा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। माझी परिवार के सदस्यों को हादसे की सूचना मिली, और वे अस्पताल में पहुंचे।

अर्जुन का एक वर्ष पहले हुआ था विवाह

दूसरे बाइक में सवार अर्जुन लोहर अपने ससुराल नर्मदापुर जा रहा था। करीब एक वर्ष पूर्व ही उसकी शादी हुई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के दौरान मौसम भी साफ था, पठारी क्षेत्र होने के कारण सड़क पर धुंध जैसी स्थिति भी नहीं थी। ऐसे में हादसे की वजह तेज रफ्तार को माना जा रहा है। पुलिस मामले में अग्रिम जांच, कार्रवाई कर रही है।

ट्रक ने दंपती को मारी ठोकर, महिला की मौत

एक अन्य हादसे में नेशनल हाईवे 43 में ट्रक ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार देवरी निवास रीता एक्का 48 वर्ष की मौत हो गई वहीं उसका पति सुखन एक्का गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों किसी काम से सीतापुर गए थे और शाम को वापस लौट रहे थे। सेदम बाजार के पास उन्हें पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। दुर्घटनाकारित ट्रक का पता नहीं चल पाया है।

Categorized in: