मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज दौरान हुई थी कामेश्वर मझवार की मौत  

अंबिकापुर। थाना लखनपुर पुलिस ने हत्या के एक मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जमीन और घर बनाने को लेकर हुए विवाद में आरोपी ने मृतक की लात-मुक्कों से पिटाई कर दी थी, उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने पूर्व में मर्ग कायम किया था।

जानकारी के मुताबिक, धुंधुराम मझवार, निवासी ग्राम तिरकेला दोगाडांडपारा ने चौकी कुन्नी में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि उसके चचेरे बड़े भाई कामेश्वर मझवार, निवासी तिरकेला ठेपापारा को 26 जून को तबीयत खराब होने पर लखनपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया, यहां 27 जून को उसकी मृत्यु हो गई। सूचक ने शंका जताई कि किसी व्यक्ति द्वारा मारपीट के कारण आई चोट से कामेश्वर की मौत हुई है। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया, और मामले की जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी लखनपुर उप निरीक्षक सम्पत पोटाई, प्रधान आरक्षक सतीश कुमार, बलभद्र ठाकुर, आरक्षक राजेंद्र तिर्की, जगेश्वर बघेल, चंचलेश सोनवानी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर ने मृत्यु का कारण हत्यात्मक प्रकृति का होना बताया। जांच में सूचक ने पूरक कथन में बताया कि 26 जून को कामेश्वर का फुटकू मझवार से झगड़ा हुआ था। इसी दौरान फुटकू ने लात-मुक्कों से कामेश्वर की जमकर मारपीट की थी। मारपीट के बाद फुटकू ही कामेश्वर को एंबुलेंस से लखनपुर अस्पताल ले गया और ‘इलाज कराऊंगाÓ कहकर अस्पताल से भाग गया था। गवाहों के कथन और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामले में धारा 103(1) बीएनएस पंजीबद्ध किया, और आरोपी फुटकू मझवार पिता स्व. बंधु मझवार, 40 वर्ष, निवासी ग्राम तिरकेला ठेपापारा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने जमीन और घर बनाने को लेकर विवाद पर गुस्से में आकर कामेश्वर की लात-मुक्कों से मारपीट करके हत्या करना स्वीकार कर लिया है।

Categorized in: