पत्नी से बात कर रहे युवक को लगा जोरदार झटका, हो गई मौत

अंबिकापुर। गांधीनगर थाना क्षेत्र के नवापारा निवासी रोविन मंडल की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। घटना 10 जुलाई को अपरान्ह करीब 3 बजे की है।

नलकूप विभाग में पंप का संचालन करने वाले मृतक के पिता नारायण मंडल ने पुलिस को दिए कथन में बताया है कि उनका बड़ा लड़का रोविन मंडल एसईसीएल बिजुरी में नौकरी करता था, जो 9 जुलाई की रात 11 बजे अपने घर ग्राम मदनपुर आया था। 10 जुलाई को अपरान्ह करीब 3 बजे घर में परिवार के सभी सदस्य थे, और बरसात हो रही थी। इसी बीच पास में बिजली खंभा में लगे ट्रांसफार्मर में धमाका हुआ। रोविन बाथरूम से नहाकर निकला और अपने कमरे में चले गया। कुछ देर बाद बहू के चिल्लाने की आवाज आई। जब वह दौड़कर कमरे में गया तो रोविन जमीन पर गिरा हुआ था। नाक और कान से खून निकल रहा था और वो बेहोशी की हालत में पहुंच गया था। स्वजन आननफानन में रोविन को अपने साधन से होलीक्रॉस अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचे, यहां इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि रोविन नहाने के बाद तौलिया और टीशर्ट पहनकर बंद कूलर के ऊपर हाथ रखकर अपनी पत्नी से बात कर रहा था, उसी समय अचानक कूलर में आये करंट और जोरदार झटका लगने से वह गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस सहायता केंद्र होलीक्रॉस अस्पताल ने शव का पोस्टमार्टम कराया है और मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ट्रांसफार्मर ब्लास्ट और घरेलू उपकरण में करंट आने के कारणों की पड़ताल करेगी। घटना से स्वजन में शोक का माहौल है।

Categorized in: