अंबिकापुर। गांधीनगर थाना पुलिस द्वारा प्रेमा कॉलोनी, सुभाषनगर सहित थाना अंतर्गत के विभिन्न हॉस्टलों की चेकिंग कर किराएदारों का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। मकान मालिकों व हॉस्टल संचालकों को किसी किराएदार का संदिग्ध आचरण प्रतीत होने पर पुलिस को तत्काल सूचित करने की समझाइश दी गई है।

शहर की सुरक्षा को संज्ञान में लेकर पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज राम गोपाल गर्ग के मार्गदर्शन व प्रभारी पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल के निर्देशन में शहर के विभिन्न कॉलोनियों में निवासरत किराएदारों की सूची एकत्रित कर सघन चेकिंग अभियान चला भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक स्मृतिक राजनाला के नेतृत्व में प्रशिक्षु पुलिस अधीक्षक शुभम तिवारी एवं पुलिस टीम द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाकर थाना अंतर्गत के विभिन्न कॉलोनियों एवं हॉस्टलों की जांच की जा रही है। चेकिंग अभियान के दौरान किराए में निवासरत किराएदारों को पहचान पत्र एवं अन्य दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस टीम द्वारा किराएदारों से प्राप्त पहचान पत्र का भौतिक सत्यापन कर मकान मालिकों को किराएदारों से संबंधित जानकारियों को थाने में प्रस्तुत करने कहा गया है। जिन किराएदारों से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त नहीं हुए, उन्हें थाने में मुसाफिरी दर्ज कराने एवं तय समय के भीतर सभी आवश्यक दस्तावेज जमा करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस टीम ने थाना अंतर्गत विभिन्न हॉस्टलों की चेकिंग कर हॉस्टल में निवासरत युवक, युवतियों की जानकारी भी प्राप्त की। मकान मालिकों, हॉस्टल संचालकों को किसी किराएदार के संदिग्ध आचरण पर इसकी जानकारी सरगुजा पुलिस व संबंधित थाने को देने की समझाइश दी गई। संपूर्ण कार्रवाई में प्रशिक्षु पुलिस अधीक्षक शुभम तिवारी, उपनिरीक्षक आरपी साहू, सहायक उप निरीक्षक अनिल पांडेय, महिला प्रधान आरक्षक राधा यादव, प्रधान आरक्षक मदन गोपाल परिहार, महिला आरक्षक त्रिलोचनी राजवाड़े, आरक्षक उमा शंकर साहू, अजय मिश्रा, बलबीर मिंज, आरएन लकड़ा, सैनिक अनिल साहू शामिल रहे।

Categorized in: