कहा-जब काम करने योग्य नहीं रहेंगे, तो घर-परिवार के बीच कैसे होगा बसर 

अंबिकापुर। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका संयुक्त मंच के आह्वान पर सरगुजा जिले में दो दिवसीय हड़ताल 26 फरवरी को शुरू हो गई है। तीन सूत्रीय प्रमुख मांगों को लेकर इन्होंने अंबिकापुर स्थित एसबीआई शाखा के सामने धरना-रैली कर हुंकार भरी और शासन का इस ओर ध्यान आकर्षित कराया है। इससे सरगुजा के 2250 आंगनबाड़ी केंद्रों में ताला लटकने की नौबत बन गई है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने कहा शासन के महत्वपूर्ण कार्यों में भागीदारी के बाद भी उनकी अनदेखी लम्बे समय से की जा रही है। गर्भवती माताओं, बच्चों, बालिकाओं के लिए समर्पित रहने के बाद भी खाली हाथ कार्यमुक्त होने की स्थिति बनेगी। इन्होंने कहा जब वे काम करने के योग्य नहीं रहेंगे, तो घर-परिवार के बीच उनका कैसे गुजर-बसर होगा, इसकी चिंता सरकार को नहीं है।

संयुक्त मंच ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी तथा प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के नाम कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा है।

ज्ञापन में कहा गया है कि देश में आईसीडीएस योजना को 50 वर्ष पूरे हो चुके हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं घर-घर जाकर महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाएं पहुंचा रही हैं। कोविड महामारी, निर्वाचन कार्य और सर्वे जैसे अतिरिक्त दायित्व भी निभाए गए। इसके बावजूद कार्यकर्ताओं को प्रतिमाह 4500 रुपये और सहायिकाओं को 2250 रुपये मानदेय दिया जा रहा है, जिसे उन्होंने जीवनयापन के लिए अपर्याप्त बताया। वर्ष 2018 के बाद से केंद्र सरकार द्वारा मानदेय में कोई वृद्धि नहीं होने का भी उल्लेख किया गया है। इनकी तीन प्रमुख मांगों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं को शासकीय कर्मचारी घोषित करना, शासकीयकरण तक कार्यकर्ता को 26 हजार रुपये और सहायिका को 22,100 रुपये मासिक वेतन स्वीकृत करना, साथ ही प्रतिवर्ष वृद्धि की व्यवस्था सुनिश्चित करना है। इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा के तहत सेवानिवृत्ति पर पेंशन, ग्रेच्युटी, समूह बीमा और कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाए।

 

विधानसभा का घेराव 9 मार्च को

संयुक्त मंच ने चेतावनी दी है कि 08 मार्च तक मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 9 मार्च को प्रदेशभर की लगभग एक लाख आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिकाएं रायपुर पहुंचकर विधानसभा का घेराव करेंगी। जिला अध्यक्ष अनूप कुशवाहा, भुनेश्वरी और शैल बानो ने बताया कि हड़ताल के दौरान जिले के विभिन्न स्थानों पर रैली और प्रदर्शन किया जाएगा।

Categorized in: