अंबिकापुर। दो अलग-अलग सड़क हादसे में सहित 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। जहां एक ओर सरगुजा के बतौली थाना क्षेत्र में बाइकों की टक्कर में भाजपा किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष व ग्राम पंचायत के उपसरपंच एवं उनके साथी ने दम तोड़ दिया, वहीं सूरजपुर जिले में दो बाइकों की टक्कर में घायल सवारों की मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक बुधवार की रात 8.30 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-43 में शांतिपारा पुलिया के पास आमने-सामने 2 बाइकों की भिड़ंत में ग्राम पंचायत पोकसरी निवासी उपसरपंच कमला प्रसाद उर्फ संजय यादव पिता मोतिया यादव, 32 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई थी, घायल ग्राम पोकसरी कुडोपहरी निवासी राजू सिंह पैकरा पिता ईश्वर सिंह पैकरा 21 वर्ष का बायां पैर टूट गया था, और गंभीर चोटें आई थी। वहीं दूसरे बाइक में सवार बतौली कालीपुर निवासी 35 वर्षीय प्रमोद पिता बरतू कुजूर का भी पैर टूट गया। घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल से रिफर करने पर मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान गंभीर रूप से घायल राजू सिंह पैकरा की गुरूवार को दोपहर करीब 12 बजे मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि भाजपा किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष संजय यादव अपने साथी राजू सिंह के साथ घर जा रहे थे, इनकी टक्कर सामने से आ रहे तेज रफ्तार पल्सर मोटरसायकल सवार से हो गई थी। संजय यादव की मौके पर मौत के बाद घायल दोनो युवकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली लाया गया, लेकिन यहां आपात स्थिति में घायलों का इलाज करने के लिए कोई डॉक्टर ही मौजूद नहीं मिले। इसके बाद दोनों घायलों को आनन-फानन में जिला अस्पताल भिजवाया गया। उपसरपंच व उनके साथी की मौत से ग्रामीणों व भाजपा के कार्यकर्ताओं के बीच शोक का माहौल है।

सूरजपुर जिले में भी बाइकों की टक्कर में दो की मौत
सूरजपुर जिला के पंक्षीडांड़, मुख्य मार्ग में बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में सूरजपुर जिला के ग्राम सौतार निवासी 21 वर्षीय छात्र रितिक बेक पिता बिन्दरेश बेक 21 वर्ष और बलरामपुर जिला के राजपुर थाना अंतर्गत ग्राम सेवारी निवासी विनोद कुमार तिरखाई पिता मानसाय 36 वर्ष की मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लाते तक मौत हो गई। मृतक के पिता ने बताया कि रितिक बेक 25 फरवरी को घर से गेरवामुड़ा, मदननगर जाने की बात कहकर घर से मोटरसायकल में निकला था। वहीं दूसरे बाइक में सवार विनोद कुमार तिरखाई घटना दिनांक को बाइक से अंबिकापुर आया था। वापस जाते समय ग्राम पंछीडांड, मुख्य मार्ग में तेन्दू के पेड़ के पास आमने-सामने हुई बाइकों की भिड़ंत में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। दोनों घायलों को संजीवनी एम्बुलेंस से स्वजन मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचे, यहां आपातकालीन चिकित्सा परिसर में जांच के बाद चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मिली सूचना पर पुलिस ने मृतकों के शव को मर्च्युरी में रखवाया था। मृतकों की पहचान नहीं होने के कारण पुलिस संशय में रही। मौके पर मोबाइल फोन मिला था, जो हादसे में बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था। ऐसे में पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के नम्बर को खंगालकर मोबाइल नम्बर हासिल किया, और इनके स्वजनों तक हादसे की सूचना पहुंचाई, इसके बाद वे अस्पताल पहुंचे और कोहराम जैसी स्थिति बन गई।

Categorized in: