35 सैंपलों की जांच में एक सैंपल में बैक्टीरिया एक्सेप्टेबल रेंज से ऊपर मिला

दो फिल्टर प्लांट के माध्यम से 32.5 एमएलडी शुद्ध पेयजल की हो रही आपूर्ति

अंबिकापुर। अंबिकापुर नगर निगम के वार्ड क्रमांक-40, मोमिनपुरा में 47 व्यक्तियों की जांच में केवल एक व्यक्ति के सैंपल में पीलिया के लक्षण मिले हैं। वार्ड से संकलित पानी के 35 सैंपलों की जांच में सिर्फ एक सैंपल में बैक्टीरिया एक्सेप्टेबल रेंज से ऊपर मिला है। शहर में दो फिल्टर प्लांट्स के माध्यम से 32.5 एमएलडी शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जा रही है।

अंबिकापुर नगर निगम के आयुक्त ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में 106 करोड़ 98 लाख रुपये की लागत से मिशन अमृत-1 के अंतर्गत पेयजल आपूर्ति योजना लागू की गई है। इसका कार्य पूर्ण हो गया है एवं संचालन-संधारण का कार्य प्रगतिरत है। योजना के तहत ग्राम सोहगा में इंटेकवेल का निर्माण कर कतकालो में 15 एमएलडी का जल शोधन संयंत्र बनाया गया है। मिशन अमृत-1 के अंतर्गत 10 लाख लीटर क्षमता का ग्राउंड लेवल स्टोरेज रिजर्वायर (जीएलएसआर) बनाया गया है। 4 नवीन पानी टंकियों का निर्माण कर तथा विभिन्न साइजों के लगभग 241 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाकर जल प्रदाय किया जा रहा है। शहर के सभी 48 वार्डों में आवश्यकतानुसार पाइप लाइन का विस्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि निगम क्षेत्रांतर्गत कुल 32.5 एमएलडी जल प्रदाय किया जाता है। इसमें तकिया आधारित पुरानी जल प्रदाय व्यवस्था अंतर्गत पीवीसी एवं एसीपी पाइप लाइन को बदला गया है। पुराने डीआई पाइप को परिवर्तित नहीं किया गया था। जिस स्थान पर डीआई पाइप खराब हो गया था, वहां पर इन्हें बदला गया है। निर्माण एजेंसी द्वारा कार्य पूर्ण कर दिया गया है। निगम आयुक्त ने बताया कि मोमिनपुरा में 40-45 पीलिया के मरीज होने की सूचना के तत्काल बाद अंबिकापुर नगर निगम द्वारा स्वास्थ्य विभाग से जानकारी प्राप्त की गई एवं तुरंत प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण व संदिग्ध घरों का चिन्हांकन करते हुए 23 फरवरी और 24 फरवरी को कुल 35 पानी के सैंपल एकत्रित कर अंबिकापुर शासकीय मेडिकल कॉलेज में ई-कोलाई बैक्टीरिया की जांच के लिए भेजा गया। इसमें केवल एक सैंपल में बैक्टीरिया की मात्रा एक्सप्टेबल रेंज से ऊपर पाई गई। शेष 34 निर्धारित रेंज के भीतर एवं सुरक्षित पाई गई। निगम द्वारा प्रभावित इलाकों से सैंपल जांच के लिए पीएचई के एनएबीएल लैब सूरजपुर और राज्य स्तरीय लैब रायपुर में परीक्षण के लिए भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट अभी अप्राप्त है। आयुक्त ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से 23 फरवरी को प्रभावित क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर लगाकर 47 संदिग्ध पुरुषों एवं महिलाओं के ब्लड सैंपल लेकर पीलिया की जांच की गई। जांच के बाद केवल एक व्यक्ति में पीलिया के लक्षण पाए गए। अगले दिन 24 फरवरी को भी प्रभावित क्षेत्रों से 32 ब्लड सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। दो की मृत्यु अन्य बीमारियों के कारण हुई है। निगम द्वारा प्रभावित क्षेत्र में लगातार गंदगी एवं नाली सफाई, जल प्रदाय नेटवर्क में लीकेज का पता कर सुधार कार्य किया जा रहा है। शहर के अन्य स्थानों से भी पानी का सैंपल लेकर जांच कराई जा रही है। वर्तमान में अंबिकापुर शहर में कहीं भी व्यापक संक्रमण या महामारी की स्थिति नहीं है।

 

नेता प्रतिपक्ष के आरोपों को एमआईसी सदस्य ने बताया भ्रामक

नगर पालिक निगम अंबिकापुर के मोमिनपुरा तथा नवागढ़ क्षेत्र में दूषित पानी सप्लाई के नगर निगम नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद के आरोपों को नगर निगम एमआईसी जल प्रदाय प्रभारी जितेंद्र सोनी ने भ्रामक व पूर्णत: असत्य बताया है। उन्होंने जारी बयान में कहा है कि नेता प्रतिपक्ष बिना किसी आधार के आम जानता के बीच अफवाह फैलाकर भय का वातावरण बनाने की कोशिश कर रहे हैं, जो अत्यंत घातक और गंभीर है। उन्होंने बताया कि पिछले 22 फरवरी को जब से समाचार पत्रों की सुर्खियों में जब यह मामला आया, नगर निगम के अमले ने प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल भ्रमण कर संभावित घरों से नल के पानी का सैंपल इक_ा किया और जांच के लिए मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर व सूरजपुर एनएबीएल केंद्र में भेजा, जिसकी जांच रिपोर्ट भी आ गई है। जांच रिपोर्ट में पानी के सभी सैंपल मानक पर खरे उतरे हैं। रिपोर्ट में पानी से किसी भी प्रकार की बीमारी की आशंका नहीं जताई गई है। उन्होंने कांग्रेस तथा नेता प्रतिपक्ष द्वारा अंबिकापुर शहर में दूषित जल प्रदाय से पीलिया महामारी का अफवाह फैलाने की गंदी राजनीति करने का आरोप लगाया है, और आम जानता को कांग्रेस के झूठे अफवाहों से सावधान रहने की सलाह दी है। जितेन्द्र सोनी ने कहा है कि निगम क्षेत्र में कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में अमृत जल मिशन पाइप लाइन का काम कराया, जिसमें अनियमितता और भ्रष्टाचार किसी से छिपा नहीं है। वर्तमान निगम सरकार जब विकास कार्य के साथ जन-जन की चिंता कर रही है तो भ्रम फैलाने का कार्य किया जा रहा है। इस तरह के कृत्य के लिए नेता प्रतिपक्ष को नगरवासियों से माफी मांगनी चाहिए।

Categorized in: