11 घायलों का मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा उपचार, दो हायर सेंटर रेफर

अंबिकापुर/बिश्रामपुर। अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर तीर्थयात्रियों को लेकर बनारस जा रही रक्षा बस को तेज रफ्तार की ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई और हादसे में बस सवार एक महिला तीर्थयात्री की मौत हो गई, कई गंभीर रूप से घायल हो गए। दो घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। 11 घायलों का मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में उपचार चल रहा है। घटना सोमवार देर रात दो बजे ग्राम पंचायत गंगापुर के पास हुई।
लटोरी पुलिस ने बताया कि रक्षा बस क्रमांक सीजी 10 बीएम 8229 में तमनार रायगढ़ से करीब 40 लोगों को अयोध्या की तीर्थयात्रा पर दर्शन हेतु लेकर जा रही थी। तीर्थयात्रियों की बस रात्रि करीब दो बजे जैसे ही बनारस मार्ग पर गंगापुर के पास पहुंची तभी पीछे से आ रहे अनियंत्रित रफ्तार की ट्रक सीजी 15 बीजेड 7188 के चालक ने वाहन को लापरवाही पूर्वक चलाते हुए बस के पिछले हिस्से में जोरदार टक्कर मार दिया। घटना के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में बस में सवार एक महिला की उपचार के दौरान मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में मौत हो गई जबकि आधा दर्जन तीर्थयात्रियों क्रमश: गजेन्द्र सिदार पिता अशोक 30 वर्ष निवासी बेड़ोंपाली, पोतरा 50 वर्ष निवासी लैलूंगा, भूकोचंद दास 65 वर्ष निवासी तमनार, मंगलवती पति भूकोचंद दास 60 वर्ष निवासी तमनार के अलावा अन्य सवारों को चोट आई है। बताया जा रहा है कि दस से अधिक लोगों को मामूली चोटें आई है जिन्हें इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। बस में कुल चालीस लोग सवार बताए जा रहे हैं। देर रात घटित घटना की सूचना पर लटोरी, जयनगर व बिश्रामपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लटोरी भेजा और गंभीर रूप से घायल तीर्थयात्रियों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर दाखिल कराया गया है। हादसे में मृत महिला तीर्थयात्री कोइतमा बाई 50 वर्ष लैलूंगा रायगढ़ के ग्राम रुड़ुकेला की रहने वाली है। बताया जा रहा है कि बस को टक्कर मारने के बाद ट्रक करीब बीस मीटर आगे जाकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। रक्षा बस के चालक सुरजीत केवट की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है। घटना की सूचना पर गम्भीर रूप से घायल तीर्थयात्रियों के परिजन अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज पहुंच गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इन्हें लाया गया मेडिकल कॉलेज अस्पताल
सुरेश (40), ध्वजा (50), सतेन्द्र (66), बरत राम (60), कान्त राठिया (55), सुमित्रा (55), सुकन्ती पैकरा (65), अनुसिया शर्मा (50) सभी निवासी रायगढ़ जिला, रमेश (50), बंशी राम (55), पवन (13), पुष्पा (40), कोईकमा (50), सभी निवासी लटोरी, आनन्द कुंवर (40) देवगढ़। सिर में आई गंभीर चोट के कारण कोईकमा की मौत हो गई।

Categorized in: