अंबिकापुर। मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सामने मंगलवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने सड़क किनारे लगे करीब डेढ़ दर्जन ठेला और गुमटी को हटाया। कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीन से गुमटियों को उखाड़कर जब्त भी किया गया।
मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क के दोनों ओर अस्पताल की सेवाएं संचालित होती हैं। इसके बावजूद लंबे समय से ठेला-गुमटी लगाकर अतिक्रमण किया जा रहा था। इससे आए दिन यातायात बाधित होती थी और कई बार एंबुलेंस भी जाम में फंस जाते थे। अस्पताल प्रशासन द्वारा अतिक्रमण को लेकर कई बार शिकायत की गई थी। पूर्व में नगर निगम और पुलिस की कार्रवाई के बाद कुछ समय बाद पुन: अतिक्रमण कर लोग अपना व्यवसाय शुरू कर दिए थे। इस बार स्थायी समाधान के उद्देश्य से जेसीबी की मदद से ठेला-गुमटी हटाकर जब्त करने की कार्रवाई की गई।

Categorized in: