अंबिकापुर-विश्रामपुर मार्ग में आरटीओ उड़नदस्ता की कार्रवाई, 5 वाहन जब्त किया

अंबिकापुर। सड़कों पर दौड़ रही ढाई दशक से अधिक पुरानी टैक्सी जीपों पर आरटीओ का चाबुक चला है। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी विनय सोनी के निर्देश पर उड़नदस्ता टीम ने अंबिकापुर-विश्रामपुर मार्ग पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 अवैध टैक्सी जीपों को जब्त कर लिया है।

आरटीओ को लगातार शिकायत मिल रही थी कि, अंबिकापुर-विश्रामपुर रूट पर निजी जीपों को अवैध रूप से टैक्सी के तौर पर चलाया जा रहा है। बुधवार को उड़नदस्ता टीम ने घेराबंदी करके जांच शुरू की। जांच में खुलासा हुआ कि सभी 5 जीपें बिना किसी वैध परमिट के सड़कों पर फर्राटा भर रही थीं। जब्त की गई सभी जीपें 1998-99 मॉडल की बताई जा रही हैं। इनकी हालत इतनी खस्ता थी कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था। क्षमता से दोगुनी सवारियां ठूंसकर बैठाने और इनके लहराकर चलने से बड़े हादसे की संभावना बनी रहती थी। मोटर व्हीकल एक्ट के तहत फिटनेस, इंश्योरेंस, परमिट की अनुपलब्धता के बीच तमाम प्रावधानों का खुला उल्लंघन हो रहा था।

क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने कहा है कि, यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुये बिना परमिट और अनफिट वाहनों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आम लोगों की जान जोखिम में डालने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जब्त वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद अवैध टैक्सी चलाने वाले दलालों और वाहन मालिकों में हड़कंप मच गया है। अंबिकापुर-विश्रामपुर मार्ग पर अवैध टैक्सी का धंधा सालों से चल रहा था। ग्रामीण मजबूरी में जान जोखिम में डालकर इनमें सफर करते थे।

Categorized in: