नाराज छात्र करीब 10 किलोमीटर पैदल चलकर कलेक्टोरेट पहुंचे

अंबिकापुर। आदिवासी विकास विभाग द्वारा संचालित प्रयास आवासीय विद्यालय की व्यवस्थाओं पर प्रश्नचिन्ह लगाते हुये सैकड़ों छात्र करीब 10 किलोमीटर पैदल चलकर कलेक्टोरेट कार्यालय पहुंच गये और स्कूल प्रबंधन व विभागीय व्यवस्था के खिलाफ शिकायत की। छात्रों ने शिक्षकों की कमी, खराब भोजन और अन्य मूलभूत सुविधाओं में अनियमितता के गंभीर आरोप लगाये हैं। इनका आरोप है कि स्कूल में कोचिंग के लिए पर्याप्त शिक्षक नहीं हैं, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। सहायक आयुक्त और जिला शिक्षा अधिकारी ने इन्हें कमियों को दूर करने और लगाये गये आरोपों की जांच का भरोसा दिलाया है।

छात्रों ने भोजन व्यवस्था पर भी सवाल उठाये। इनका कहना है कि जब बड़े अधिकारी निरीक्षण के लिए आते हैं तब बेहतर और स्वादिष्ट भोजन परोसा जाता है, लेकिन सामान्य दिनों में उन्हें खराब गुणवत्ता का भोजन और कीड़े लगे चावल परोसे जाते हैं। छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी समस्याओं को सुनने के बजाय अधिकारी केवल औपचारिक निरीक्षण कर चले जाते हैं। छात्रों ने बाल कटिंग और अन्य सुविधाओं में भी अनियमितता का आरोप लगाया। इनका कहना है कि नियमित रूप से बाल कटिंग नहीं कराई जाती, जबकि संबंधित ठेकेदारों को भुगतान किया जाता है। छात्रों ने विभागीय अधिकारियों के सामने ही पूरे सिस्टम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। मामले की गंभीरता को देखते हुए आदिवासी विकास विभाग के अधिकारियों ने छात्रों से चर्चा की। सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग ललित शुक्ला ने छात्रों के द्वारा की शिकायतों की जांच करके उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। प्रयास स्कूल की व्यवस्थाओं को लेकर छात्रों के इस विरोध ने आदिवासी विकास विभाग की कार्यप्रणाली को सवालों के घेरे में लिया है। प्रशासन जांच और सुधार के दावे कर रहा है, लेकिन छात्रों को राहत कब तक मिलेगी, यह आने वाला समय बताएगा। देखना यह है कि छात्रों द्वारा उठाए गए इन गंभीर मुद्दों पर प्रशासन क्या कदम उठाता है।

Categorized in: