मेडिकल कॉलेज अस्पताल में किडनी के कैंसर का पहला सफल ऑपरेशन

अंबिकापुर। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पंडो जनजाति के व्यक्ति के दाहिने साइड की किडनी में कैंसर का सफल ऑपरेशन चिकित्सकों ने किया। ऑपरेशन के दौरान मरीज की जान बचाने किडनी को निकालना पड़ा। मेडिकल कॉलेज अस्पताल के वरिष्ठ सर्जन चिकित्सक की अगुवाई में पहला जटिल ऑपरेशन किया गया है।

बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र का सुखू पंडो 58 वर्ष पिछले कुछ दिनों से पेट में दर्द व जलन से परेशान था। उसे बीच-बीच में पेशाब के रास्ते से खून आता था। एक सप्ताह पूर्व वह इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर पहुंचा। यहां सर्जरी विभाग के एचओडी डॉ.एसपी कुजूर ने जांच की और मरीज का सोनाग्राफी कराया। सोनोग्राफी रिपोर्ट में दाहिने साइड की किडनी में सूचना पाया गया। बीमारी स्पष्ट नहीं होने से मरीज का पुन: सीटी स्कैन कराया गया। सिटी स्कैन रिपोर्ट में किडनी में कैंसर पाया गया। कैंसर के कारण किडनी खराब हो चुका था। चिकित्सकों ने मरीज को ऑपरेशन कराने की सलाह दी और डॉक्टर एसपी कुजूर, डॉ.नितिश रॉय, डॉ.प्रवीण, एनीस्थिसिया विभाग से डॉ.शिवनी व स्टॉफ नर्स सलमा लकड़ा की टीम ने मरीज का ऑपरेशन किया। तीन घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद कैंसर से खराब हो चुके किडनी को बाहर निकाला गया। चिकित्सकों का कहना है कि अब तक सरगुजा संभाग में किडनी के कैंसर का ऑपरेशन नहीं किया गया था। किडनी के कैंसर का सफल ऑपरेशन कर मरीज की जान बचाने का मेडिकल कॉलेज अस्पताल में यह पहला मामला है। मरीज की स्थिति अब ठीक है। निजी अस्पताल में ऑपरेशन कराने पर ढाई से तीन लाख रुपये खर्च होता। मरीज का मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में स्मार्ट कार्ड से निश्शुल्क ऑपरेशन किया गया है।

Categorized in: