गिरजा ठाकुर

अंबिकापुर। बतौली के ग्राम चिरंगा में एल्युमीनियम प्लांट की स्थापना के लिए कार्यरत कंपनी के कर्मचारियों से ग्रामीणों के द्वारा मारपीट के मामले में की गई रिपोर्ट पर पुलिस ने नौ लोगों के विरूद्ध नामजद अपराध दर्ज कर लिया है।

बतौली विकासखंड के ग्राम चिरंगा में मां कुदरगढ़ी एल्युमिना फैक्ट्री की स्थापना का काम चल रहा है, जिसका स्थानीय ग्रामीणों द्वारा लगातार विरोध किया जा रहा है। रविवार की दोपहर में उक्त भूमि पर लोहा-टीना के शेड का निर्माण कराया जा रहा था। इसी दौरान गांव के ही महेश लकड़ा, नंदलाल बड़ा, अर्जुन पैंकरा, सियाराम बेक, धरमसाय बरगाह, कौशिल्या बाई, अनीता, सुमित्रा, सुखमनिया एवं अन्य महिला पुरूष लाठी, डंडा व हथियारों से लैस होकर गाली-गलौज करते हुए कर्मचारियों के साथ मारपीट की। कर्मचारी जशपुर निवासी चेतन प्रसाद साय ने घटना की रिपोर्ट बतौली थाने में की है। आहत कर्मचारियों ने किसी प्रकार वहां से भागकर जान बचाई, इसके बाद उन्हें उपचार के लिए बतौली अस्पताल में ईलाज हेतु ले जाया गया। मामले की शिकायत बतौली थाने में होने पर पुलिस ने नौ ग्रामीणों के विरूद्ध मारपीट व बलवा का अपराध दर्ज कर लिया है।

Categorized in: