अंबिकापुर। देश में महिलाओं की राजनीतिक और सामाजिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में ओबीसी कांग्रेस राष्ट्रीय महिला प्रकोष्ठ सम्मेलन 9 मार्च को प्रात: 10.30 बजे से एआईसीसी मुख्यालय, इंदिरा भवन नई दिल्ली में किया जा रहा है। सम्मेलन ओबीसी समाज की मातृशक्ति को संगठित करने, नेतृत्व का अवसर प्रदान करने और उन्हें राष्ट्रीय राजनीति में सशक्त भूमिका देने के उद्देश्य से ओतप्रोत होगा। राहुल गांधी की मंशा है कि देश की महिलाओं को अधिक से अधिक भागीदारी मिले और विशेष रूप से ओबीसी वर्ग की महिलाओं को नेतृत्व के मंच पर आगे लाया जाए। सम्मेलन के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया बीते 27 फरवरी को पूर्ण हो चुकी है।

इसी क्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय समन्वयक लक्ष्मी गुप्ता द्वारा उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ तथा सरगुजा क्षेत्र से महिलाओं का पंजीकरण कराया गया है, जो ऐतिहासिक सम्मेलन में भाग लेने के लिए दिल्ली रवाना हो गई हैं। कार्यक्रम में शामिल होने वाली पंजीकृत मातृशक्तियों से कार्यक्रम प्रारंभ होने से एक घंटा पूर्व पहुंचने का आग्रह किया गया है। पंजीयन पास प्राप्त करने के बाद वे सम्मेलन में शामिल हो पाएंगी। कांग्रेस नेतृत्व को विश्वास है कि यह सम्मेलन ओबीसी महिलाओं के सशक्तिकरण, संगठन विस्तार और देश में सामाजिक-राजनीतिक जागरूकता की एक नई अलख जगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कांग्रेस पार्टी मानती है कि ओबीसी समाज की मातृशक्ति समाज निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसी सोच के अनुरूप यह सम्मेलन एक खोज अभियान के रूप में भी आयोजित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से विभिन्न राज्यों से नेतृत्व क्षमता रखने वाली महिलाओं को पहचान कर उन्हें संगठन में जिम्मेदार पदों पर आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में महिला प्रतिनिधियों की भागीदारी रहेगी। पार्टी के सभी राष्ट्रीय समन्वयकों की महत्वपूर्ण भूमिका सम्मेलन में निर्धारित की गई है। इनकी जिम्मेदारी है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों से सक्षम और नेतृत्व योग्य महिलाओं को आगे लाकर उन्हें संगठनात्मक जिम्मेदारियों के लिए प्रस्तावित करें।

Categorized in: