भाजपा सरकार के संरक्षण में अफीम की खेती कर रहा था भाजपा नेता : अशोक श्रीवास्त

भाजपा राज में छत्तीसगढ़ नशे के मामले में पंजाब, गुजरात व पश्चिम बंगाल को पीछे छोड़ा

मनेन्द्रगढ़ (एमसीबी) । भाजपा शासन में छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ रहे नशे के मामले में कांग्रेस ने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया है। एमसीबी जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने रविवार को मनेंद्रगढ़ पत्रकार भवन में एक प्रेसवार्ता आयोजित कर पत्रकारों को बताया कि शनिवार को दुर्ग के समोदा गांव में एक खुलासा हुआ कि वहां पर एक फार्म हाउस के अंदर लगभग 10 एकड़ में अफीम की खेती हो रही थी। यह अफीम की खेती भाजपा नेता विनायक चंद्राकर करवा रहा था। विनायक तामचंद्राकर भाजपा के दुर्ग जिले का किसान मोर्चा का पूर्व अध्यक्ष है तथा वर्तमान में वह भाजपा के राईस मिल प्रसंस्करण प्रकल्प का प्रदेश संयोजक है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने बताया कि भाजपा के सभी कार्यक्रमों में उसकी महत्वपूर्ण और सक्रिय भागीदारी रहती है। वह भाजपा का स्थापित नेता और प्रदेश पदाधिकारी है।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह, तोखन साहू, गृह मंत्री विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, सांसद विजय बघेल, भाजपा के राष्ट्रीय नेता अजय जामवाल, शिवप्रकाश सहित अनेकों नेताओं के साथ उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया में है। बिना सरकार के संरक्षण के कोई अफीम की खेती खुलेआम करे यह संभव नहीं है। श्री श्रीवास्तव ने बताया कि भाजपा जब से सरकार में आई है तब से जुआ, सट्टा, शराब की तस्करी बढ़ गयी, नशे का कारोबार बढ़ गया, सत्ता में बैठे लोग इसको संरक्षण देते है। इस घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेकर गृह मंत्री इस्तीफा दें।

पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के राज में छत्तीसगढ़ नशे के मामले में पंजाब, गुजरात और पश्चिम बंगाल को पीछे छोड़ चुका है।
शहरों के आउटर के कैफे तो युवाओं को नशा परोसने का केंद्र बन चुके है। पुलिस इसको रोकने के बजाय सहयोगी बनी हुई है। कांग्रेस की सरकार थी तब वर्षों से चल रहे हुक्काबारों को बंद करवाया था । राज्य में सूखे नशे के कारोबार को पूरी तरह समाप्त किया गया था। भाजपा की सरकार बनने के बाद एक बार फिर से नशे का कारोबार शुरू हो गया है। श्री कमरो ने कहा कि सरकार नशे के कारोबार पर रोक लगाने में विफल साबित हो रही है। पूरे प्रदेश में युवा नशे की गिरफ्त में जा रहे है। सरकार और पुलिस की मिलीभगत के कारण ही प्रदेश के युवा नशे की गिरफ्त में आ रहे है। पिछले दो साल में शराब, गांजा, अफीम, हिरोईन जैसे नशों के कारण प्रदेश की युवा पीढ़ी में नशे की लत महामारी का रूप ले चुकी है। चंद पैसों के लिए सत्तासीन लोग नशे के बढ़ते कारोबार को रोकने के बजाय संरक्षण दे रहे है। बिना सत्ता के संरक्षण के ड्रग राजधानी में खुलेआम नहीं बिक सकता, राज्य में भाजपा की 2 साल से सरकार है। कौन सत्ताधीश इसके पीछे है इसका भी खुलासा होना चाहिए ।

एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष नीरज पाण्डेय ने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार देने के बजाय नशे के दलदल में ढकेल रही है। भाजपा नेता नशे के अवैध कारोबार में लिप्त हैं जिन्हें सरकार से पूरा संरक्षण मिल रहा है। भाजपा नेता किसके संरक्षण में अफीम की खेती करा रहा था इसकी पूरी जांच होनी चाहिए। श्री पाण्डेय ने कहा कि अगर पूरे प्रदेश में मादक पदार्थों की खेती की जांच की जाय तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आ सकते हैं।

Categorized in: