अंबिकापुर। सरगुजा जिले के खेल गौरव राष्ट्रीय बास्केटबॉल कोच राजेश प्रताप सिंह का चयन ऑल इंडिया सिविल सर्विस बास्केटबॉल प्रतियोगिता दिल्ली के लिए किया गया है। यह प्रतियोगिता 17 फरवरी से 23 फरवरी 2026 तक दिल्ली में आयोजित की जाएगी। विशेष बात यह है कि खेल जगत में इन्हें सरगुजा के द्रोणाचार्य की संज्ञा दी जाती है, और लगातार पांच वर्षों से उनका चयन इस टीम में हो रहा है, जो उनकी निरंतर मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण की भावना को दर्शाता है।

राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह विगत कई वर्षों से सरगुजा जिले में बास्केटबॉल खेल को बुलंदियों पर पहुंचाने के लिए तन-मन से सेवा देते आ रहे हैं। साथ ही विभिन्न खेलों के विकास के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रहे हैं। इनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में जिले के कई खिलाड़ियों ने राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। सबसे बड़े राष्ट्रीय खेल मंच ‘खेलो इंडियाÓ में सरगुजा जिले के कई खिलाड़ी खेल प्रत्येक वर्ष भाग ले रहे हैं और स्वयं भी पांच वर्षों से लगातार ‘खेलो इंडियाÓ में कोच/मैनेजर के रुप शामिल हो रहे हैं। वे खिलाड़ियों को नि:शुल्क प्रशिक्षण प्रदान करते हैं, जिससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के प्रतिभावान और आर्थिक रूप से कमजोर खिलाड़ी भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त कर रहे हैं। पुन: इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए इनका चयन होना उनकी प्रशिक्षण क्षमता, अनुभव का प्रमाण है। युवा खिलाड़ियों में आत्मविश्वास बढ़ाने में इनकी अहम भूमिका रही है, और बास्केटबॉल खेल के प्रति बच्चों और युवाओं का आकर्षण निरंतर बढ़ रहा है। सरगुजा के युवा नियमित अभ्यास और अनुशासित प्रशिक्षण से अपनी प्रतिभा को निखार रहे हैं। जिले में संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से बास्केटबॉल के साथ-साथ अन्य खेलों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। खेल संसाधनों की उपलब्धता और अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन से जिले के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं।

Categorized in: