अंबिकापुर। सरगुजा जिले के दरिमा थाना अंतर्गत धान लोड ट्रक ने बोलेरो सवारों को ठोकर मार दिया। घायल मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई, चालक का उपचार चल रहा है। एक अन्य को मामूली चोटें आई थी। वहीं तीन अन्य हादसों में एक महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक शुक्रवार, 13 फरवरी की रात मैनपाट थाना क्षेत्र के ग्राम नर्मदापुर के ग्रामीणों को दिगर राज्यों के ईंट भ_ा में मजदूरी करने के लिए जाना था। अंबिकापुर तक आने के लिए इन्होंने मैनपाट, नर्मदापुर के प्रेमचन्द तिवारी का बोलेरो वाहन बुक किया था। बोलेरो मालिक का पुत्र सत्यम तिवारी मजदूरों को अंबिकापुर पहुंचाने के लिए आया था। अन्य मजदूर रांची झारखंड जाने के लिए उतर गए, वहीं विजय कुमार मांझी पिता कुंदुल मांझी 27 वर्ष और एक अन्य मजदूर ईंट भ_ा में काम करने के लिए जाने से इन्कार करते हुए बोलेरो क्रमांक सीजी 15 सीयू 8108 में वाहन स्वामी सह चालक सत्यम तिवारी के साथ वापस घर लौट रहे थे। देर रात करीब 12 बजे अंबिकापुर-मैनपाट मार्ग में दरिमा थाना अंतर्गत धान लोड ट्रक क्रमांक सीजी 15 डीएच 5501 से हुई जोरदार टक्कर में बोलेरो वाहन के परखच्चे उड़ गए, वहीं ट्रक सड़क के किनारे अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना के दौरान एक मजदूर बोलेरो वाहन से कूदकर जान बचाया, इसे मामूली चोटें आई है। बोलेरो चला रहे सत्यम तिवारी और मजदूर विजय कुमार हादसे में घायल हो गए थे। इन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लाया गया, यहां इलाज के दौरान विजय कुमार मांझी की मौत हो गई। मृतक के स्वजन का पता नहीं चलने के कारण पुलिस ने शव को मर्च्युरी में रखवा दिया था। शनिवार को घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के स्वजन अस्पताल के पुलिस सहायता केंद्र में पहुंचे। प्रारंभिक पूछताछ के बाद पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन के सुपुर्द कर दिया गया है। घायल बोलेरो चालक का अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

Categorized in: