सोनगरा से जरही के बीच सड़क में कई स्थानों पर बने जानलेवा गड्ढे हादसों को दे रहे न्यौता

जरही। अंबिकापुर-बनारस मुख्य मार्ग पर एसईसीएल के भारी कोयला वाहनों के कारण सोनगरा से जरही के बीच की सड़क की हालत बदतर हो गई है। कोयला परिवहन में लगे भारी-भरकम हाइवा और ट्रेलर लगातार तेज रफ्तार से दौड़ रहे हैं, जिससे सोनगरा से जरही के बीच सड़क पर कई स्थानों पर गहरे और जानलेवा गड्ढे बन गए हैं। इस मुख्य मार्ग में प्रतिदिन सैकड़ों कोयला लोड वाहन गुजरते हैं। इनकी अनियंत्रित गति के कारण जरही से सोनगरा के बीच सड़क की परतें उखड़ चुकी हंै। कई जगहों पर इतने बड़े गड्ढे बन गए हैं कि दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के लिए सफर जोखिम भरा हो गया है। रात के समय स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है। गड्ढे दिखाई नहीं देने से दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है।

ग्रामीणों और राहगीरों का कहना है कि कई बार छोटे-बड़े हादसे इन गड्ढों के कारण हो चुके हैं, लेकिन अब तक जिम्मेदार लोगों नेे गड्ढों को भरने या मरम्मत की कार्रवाई नहीं की है। आरोप है कि कोयला परिवहन में लगी गाड़ियां नियमों की अनदेखी करते हुए तेज रफ्तार में चलती हैं। क्षेत्र के आसपास निवास करने वाले लोगों ने कहा कि वाहनों की गति नियंत्रित करके क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराई जाए। कोयला परिवहन में लगे हाइवा वाहनों पर नियमित निगरानी की व्यवस्था की जाए ताकि गति पर नियंत्रण रहे। यदि समय रहते इन गड्ढों के सुधार की दिशा में कदम नहीं उठाए गए तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। फिलहाल लोग सोनगरा से जरही के बीच स्थित बड़े-बड़े गड्ढों के मरम्मत की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

Categorized in: