सरगुजा प्रवास पर पहुंचे भाजपा के प्रदेश प्रभारी पत्रकारों से हुए रूबरू

अंबिकापुर। भाजपा के छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी व पूर्व राज्यसभा सांसद राजस्थान ओम माथुर ने अंबिकापुर प्रवास के दौरान भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा हाल में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पूरी हुई, हाथ से हाथ जोडऩे का अभियान जारी है। इन सबके बीच कल ही तीन राज्यों के चुनाव का परिणाम सामने आया है। भाजपा पूरी ताकत से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं को लेकर जनता के बीच पहुंच रही है। सरगुजा में भाजपा के कार्यकर्ता जिस तरह काम कर रहे हैं, इससे परिदृश्य बदला हुआ है। कार्यकर्ताओं से आगे की रणनीति पर चर्चा की जा रही है। उन्होंने कहा भाजपा अपने दम पर पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।


प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सत्ता 15 वर्षों तक रहने के बावजूद पिछले चुनाव में करारी हार के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी ने हार के कारण व सुधार का भी विश्लेषण किया है। वे ऐसे प्रदेशों में जा रहे हैं, जहां अपने कार्यकर्ताओं को सक्रिय कर सकें, ताकि वे बूथ स्तर तक एक्टिव हों। यह उनकी पूरी रणनीति है। वर्ष 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव का विश्लेषण करने पहुंचे भाजपा के छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने आगे कहा कि उनका प्रवास प्रदेश के तीन संभागों में पूर्ण हो चुका है। वे जिस प्रदेश में जाते हैं चुनाव को दो हिस्सों में बांट देते हैं, पहला पॉलिटिकल व दूसरा टेक्निकल बीट। टेक्निकल इशू में बूथ स्तर पर रिहर्सल, रचना, संपर्क करना और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं की चर्चा करना है। उन्होंने कहा सरगुजा प्रवास के दौरान अच्छी बात यह रही कि यहां 90 प्रतिशत से अधिक कार्यकर्ता बैठक में शामिल हुए, इसमें मंडल अध्यक्ष, मंडल के महामंत्री, जिलाध्यक्ष, जिले के प्रभारी शामिल हैं। इनकी सामूहिक उपस्थिति में विस्तार से लगभग डेढ़ घंटे तक चर्चा हुई। चुनावी परिप्रेक्ष्य में उन्होंने कहा कि दृश्य साफ है। हाल ही में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पूरी हुई, हाथ जोड़ो अभियान चल रहा है, इसके बाद भी तीन राज्यों में भाजपा की जीत हुई है। प्रेस से चर्चा के दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, संभाग प्रभारी संजय श्रीवास्तव, केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, पूर्व राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम, अभिमन्यु गुप्ता, रुपेश दुबे, संतोष दास सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।


हार के कारण व सुधार का किया विश्लेेषण
भाजपा के छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी व पूर्व राज्यसभा सांसद राजस्थान ओम माथुर ने कहा कि पार्टी के पास वर्तमान सरकार को लेकर मुद्दे बहुत हैं। उत्तर व मध्य क्षेत्र के दौरा के दौरान हमने अपने हार के कारणों और सुधार का विश्लेषण किया है। भाजपा किसी व्यक्ति, परिवार, जाति विशेष की पार्टी नहीं है, पार्टी का काम पूरे सिस्टम से संचालित होता है। चुनाव में प्रत्याशी की बात हो या कोई अन्य निर्णय पार्लियामेंट बोर्ड लेती है।

Categorized in: