अंबिकापुर.  ट्रक हेराफेरी के मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को रायपुर व महासमुंद से गिरफ्तार किया है। दरअसल मुख्य आरोपी ने लखनपुर निवासी एक व्यक्ति का ट्रक चलाने के लिए ठेके पर लिया था। कुछ दिनों तक तो सब ठीकठाक रहा, इसके बाद उसने बातचीत बंद कर दिया। ट्रक का भी पता नहीं चल पा रहा था। इसकी रिपोर्ट ट्रक मालिक ने थाने में दर्ज कराई। रिपोर्ट पर पुलिस ने जांच की पता चला कि ट्रक की बिक्री की जा चुकी है। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को रायपुर व महासमुंद से गिरफ्तार कर जेल दाखिल कर दिया है।

सरगुजा जिले के लखनपुर निवासी ऐनुल होदा ने अपना ट्रक क्रमांक सीजी 15 डीजे 2089 रायपुर निवासी नासिर खान को चलाने के लिए ठेके पर दिया था। कुछ दिनों से ट्रक का पता नहीं चल रहा था। ट्रक मालिक ने मामले की रिपोर्ट लखनपुर थाने में दर्ज कराई थी।

पुलिस ने अपराध दर्ज कर रायपुर निवासी नासिर खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने उक्त ट्रक को अपने भाई यासीन खान के साथ मिलकर महासमुंद निवासी सोनू काजी उर्फ सहाबुद्दीन को देना बताया। पुलिस द्वारा पता तलाश करने पर ट्रक दल्लीराजहरा में खड़ा होना पाया गया।

Categorized in: