अंबिकापुर। कार सवारों के द्वारा आए दिन सरेराह, ढाबा में खड़ी रहने वाली ट्रकों से डीजल की चोरी बेखौफ रहकर की जा रही है, लेकिन ये पुलिस की पकड़ में नहीं आ रहे हैं। डीजल चोरी करते अगर चालक देख ले और इन्हें रोकने की कोशिश करे, तो ये हमलावर हो जाते हैं। ऐसे ही एक मामले में कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज किया है, और मामले की जांच कर रही है। इसके पहले भी मणीपुर और लखनपुर थाना क्षेत्र में खड़ी ट्रकों से डीजल चोरी का मामला सामने आ चुका है। इनके द्वारा अधिकतर ढाबा के आसपास या सड़क के किनारे खड़ी ट्रकों से डीजल चोरी की घटना का बेखौफ होकर अंजाम दिया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक दुर्ग जिला के वार्ड नंबर 40, छावनी भिलाई निवासी अबोध कुमार सिंह वर्तमान में भिलाई के एचटीसी सोम लाजिस्टिक हथखोज कंपनी में ट्रक क्रमांक सीजी 07 बीएस 4038 चलाता है। 9 नवम्बर को वह प्लांट जामुल भिलाई से ट्रक में सिमेंट लोड करके जिंदल ट्रेडर्स अंबिकापुर पहुंचाने आया था। 10 नवम्बर को अंबिकापुर पहुंचने के बाद जिंदल ट्रेडर्स के प्रोपराइटर ने सीमेंट लोड ट्रक को दुकान के सामने खड़ा करने के लिए कहा, इसके बाद चालक ट्रक को रात 8 बजे दुकान के सामने नमनाकला रिंग रोड में खड़ा करके ट्रक में ही सो रहा था। देर रात 3 बजे ट्रक के डीजल टंकी तरफ आवाज सुनाई देने पर वह साइड मिरर से देखा कि तीन लड़के ट्रक के टंकी में पाइप डालकर डीजल निकाल रहे हैं। इस पर वह ट्रक से नीचे उतरकर इन लोगों को डीजल निकालने से रोकने का प्रयास किया तो 2 लोग जो चेहरा में कपड़ा बांधकर रखे थे, वे गुलेल, चाकू से मारपीट करने लगे। एक व्यक्ति लगातार डीजल निकाल रहा था। हल्ला करने पर वे मारपीट करना छोड़कर करीब 200 लीटर डीजल लेकर बिना नंबर के बलेनो कार में सवार होकर भाग गए। चोरी किए गए डीजल की कीमत 18 हजार 916 रुपये बताई गई है। हाल में ऐसी ही घटना मणीपुर थाना अंतर्गत हुई थी, इसमें बलेनो कार सवारों का नाम सामने आया है। इसके बाद लखनपुर थाना क्षेत्र में भी खड़ी ट्रक से डीजल चोरी की घटना सामने आ चुकी है, जिसमें बोलेरो सवारों के द्वारा डीजल चोरी करने का संदेह जताया जा रहा है। आए दिन चारपहिया वाहनों में सवार होकर आने वाले चोरों के द्वारा खड़ी ट्रकों से बेखौफ डीजल की चोरी की जा रही है, लेकिन ये पुलिस की पहुंच से दूर हैं।

Categorized in: