मृतक को लेकर जा रहे थे अस्पताल, गांव में पसरा मातम, ग्रामीणों ने सड़क जाम किया

जरही। इलाज के लिए अस्पताल पहुंचने की जल्दबाजी एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुई। मायापुर द्वितीय निवासी 26 वर्षीय गदे राम की कोयला लोड ट्राला से हुई भीषण सड़क दुर्घटना में मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो अन्य युवक घायल हो गए। हादसा इतना गंभीर था कि मृतक ट्राला के पहिए की चपेट में आकर घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार मायापुर द्वितीय निवासी ननकू (29) पारिवारिक विवाद में गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसकी हालत बिगड़ने पर गांव का ही बाइक चालक संतोष और गदे राम उसे सोनगरा अस्पताल लेकर जा रहे थे। तीनों युवक एक ही बाइक क्रमांक सीजी 15 डीएम 1871 में सवार थे और घायल की जान बचाने की जल्दबाजी में तेजी से अस्पताल की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान रास्ते में सामने जा रहे कोयला लोड ट्राला क्रमांक सीजी 15 ईएच 8375 से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। पीछे बैठा गदे राम ट्राला के पिछले पहिए की चपेट में आ गया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद कुछ देर तक घटनास्थल में अफरा-तफरी का माहौल रहा।

दो घायलों का उपचार जारी
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम ललित भगत, तहसीलदार चंद्रशिला जायसवाल, थाना प्रभारी सरफराज फिरदौसी और चौकी प्रभारी रघुवंश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना में घायल ननकू और चालक संतोष को स्थानीय लोगों की मदद से सोनगरा अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद ननकू की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है, संतोष को भी चोटें आई हैं।

गांव में मातम, सड़क पर उतरे ग्रामीण
जैसे ही मौत की खबर मायापुर द्वितीय पहुंची, गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके घर पहुंचे और संवेदना व्यक्त की। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। भारी वाहनों की तेज रफ्तार व लापरवाही पर नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर कोयला वाहनों की बेलगाम आवाजाही और ट्रैफिक नियंत्रण की कमी के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन ठोस कदम नहीं उठा रहा है।

सड़क सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि मार्ग पर भारी वाहनों की गति सीमित की जाए, नियमित निगरानी की व्यवस्था हो और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह हादसा एक परिवार की खुशियां छीनने के साथ क्षेत्र में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

 

Categorized in: